असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव सीएस ने 13वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या!

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (28 जनवरी 2025): सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की मिग्सन ग्रीन सोसाइटी में 24 वर्षीय युवक ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक यश वर्मा मूल रूप से कानपुर के रामादेवी क्षेत्र स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा में एक फैक्ट्री में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। इसके साथ ही वह एमसीए की पढ़ाई भी कर रहा था।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि यह घटना रविवार देर रात हुई।

यश वर्मा मिग्सन ग्रीन सोसाइटी में किराए के फ्लैट में एक साथी के साथ रहता था। रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि फ्लैट की बालकनी से एक युवक ने छलांग लगा दी है। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। फ्लैट का दरवाजा तोड़ने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन अब तक आत्महत्या की ठोस वजह सामने नहीं आई है। पुलिस यश के मोबाइल फोन और अन्य निजी चीजों की जांच कर रही है। उसके दोस्तों और सहकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।

यश के परिजनों ने बताया कि वह 15 दिन पहले ही अपने घर कानपुर आया था। रविवार को उसकी मां सीमा वर्मा और छोटे भाई हर्ष से फोन पर बात हुई थी। परिजनों के मुताबिक, वह परेशान लग रहा था, लेकिन ऐसा कदम उठाएगा, इसका अंदाजा नहीं था। पिता विजय कुमार वर्मा, जो पेशे से स्क्रैप कारोबारी हैं, ने बताया कि रविवार शाम को जब यश से फोन पर बात हुई तो उसने अपनी परेशानी घर आकर बताने की बात कही थी। उन्होंने उसे लेने आने की पेशकश की, लेकिन यश ने मना कर दिया।

यश वर्मा ग्रेटर नोएडा स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करते हुए एमसीए का चौथा सेमेस्टर पूरा कर रहा था। घर में वह सबसे बड़ा बेटा था। परिवार में मां सीमा, छोटा भाई हर्ष और पिता विजय हैं।

पुलिस का कहना है कि यह मामला संवेदनशील है और हर एंगल से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए यश के दोस्तों और सहकर्मियों से बातचीत की जा रही है। घटना ने सोसाइटी में सनसनी फैला दी है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।