“प्रियंका गांधी के उभरने के डर से गिराया बिल”- भाजपा सांसद ने क्या खुलासा कर दिया?
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (22 अप्रैल 2026): चाँदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने महिला आरक्षण विधेयक के संसद में पारित न होने को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का “काला अध्याय” करार देते हुए राहुल गांधी सहित कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक की हार नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और भविष्य के साथ किया गया घोर विश्वासघात है।
प्रवीन खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों- टीएमसी, डीएमके, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी सहित पूरे विपक्ष ने सुनियोजित रणनीति के तहत इस ऐतिहासिक विधेयक को गिराने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत और राजनीतिक स्वार्थों के चलते राहुल गांधी महिलाओं के सशक्तिकरण के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आए हैं, जो उनके नेतृत्व की विफलता और महिला सम्मान के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सदन में मेज ठोककर विधेयक के गिरने का एलान किया गया और विपक्षी दलों द्वारा इसका जश्न मनाया गया, वह लोकतंत्र के मूल्यों का खुला उपहास है। यह स्पष्ट करता है कि विपक्ष महिलाओं को अधिकार देने के बजाय राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू पर तौलता है।
भाजपा सांसद ने कहा कि जिस सदन में राहुल गांधी ने महिला आरक्षण बिल को गिराने का कृत्य किया, वही सदन भविष्य में महिलाओं को उनका अधिकार देकर नया इतिहास रचेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि यह विधेयक पारित होता, तो कांग्रेस के भीतर प्रियंका गांधी एक सशक्त और प्रभावशाली नेतृत्व के रूप में उभर सकती थीं, और संभवतः इसी राजनीतिक आशंका ने राहुल गांधी को इस बिल के विरोध के लिए प्रेरित किया।
प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लाई गई इस ऐतिहासिक पहल को विफल करना “महापाप” से कम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखने का रहा है और जब महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व देने का अवसर आया, तब उसका विरोध किया गया।
उन्होंने कहा कि शासन में महिला आरक्षण केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। इसे रोकना देश की प्रगति को रोकने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है और देश की महिलाएं लोकतांत्रिक तरीके से इस विश्वासघात का जवाब देंगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।