बादलपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से नवोदय विद्यालय के छात्र की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (18/04/2026): ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धूममानिकपुर बाइपास पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज गति से दौड़ रहे ट्रक की टक्कर से कक्षा आठ के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, धूममानिकपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के सात छात्र अपने कोच के साथ संभल जिले में आयोजित खेल प्रतियोगिता में भाग लेकर लौट रहे थे। वापसी के दौरान सभी छात्र रोडवेज बस से बाइपास के पास उतरे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने तीन छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को दादरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद जेवर निवासी 13 वर्षीय उमर को मृत घोषित कर दिया। वह कक्षा आठ का छात्र था। अन्य दो घायल छात्रों में से एक के हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि दूसरे छात्र की हालत स्थिर है और उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर. के. गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनकी शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।