कैब ड्राइवर आनंद की खुशी और रोजी-रोटी पर संकट | कौन जिम्मेदार? कौन करेगा मदद | NOIDA Protest

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News ( 17 अप्रैल 2026): नोएडा में सोमवार और मंगलवार को हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने कई अहम खुलासे किए हैं। गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस पूरे मामले के तार पाकिस्तान से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस ने दो ऐसे सोशल मीडिया हैंडल चिन्हित किए हैं, जो कथित तौर पर पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

वहीं प्रशासन का दावा है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। श्रमिकों की अधिकांश मांगों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद हालात सामान्य हो गए हैं। प्रशासन के अनुसार, शांति बहाल हो चुकी है, श्रमिक अपने काम पर लौट गए हैं और औद्योगिक गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं।

हालांकि, इन सबके बीच एक बड़ा सवाल अब भी खड़ा है, हिंसा के दौरान हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा? इस घटनाक्रम में प्रभावित हुए लोगों में आनंद कुमार नामक एक व्यक्ति भी शामिल हैं, जिनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। आनंद ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से बातचीत में बताया कि उन्होंने पांच महीने पहले Maruti Suzuki Swift गाड़ी खरीदी थी, जिसे चलाकर वह अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और साथ ही उसकी ईएमआई भी भरते थे।

उन्होंने बताया कि लगभग 10–15 दिन पहले उनकी गाड़ी एक दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने उसे मरम्मत के लिए सेक्टर-63 स्थित विपुल मोटर्स में जमा कर दिया था। लेकिन इसी दौरान हुए हिंसक प्रदर्शनों में उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

आनंद के अनुसार, उन्होंने विपुल मोटर्स से संपर्क किया तो वहां से उन्हें बताया गया कि इंश्योरेंस क्लेम के लिए आवेदन कर दिया गया है, लेकिन कंपनी अपनी ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं दे सकती। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-63 कोतवाली में भी शिकायत दर्ज कराई, जहां पुलिस ने बताया कि विपुल मोटर्स के माध्यम से शिकायत दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

इन तमाम प्रक्रियाओं के बीच आनंद की सबसे बड़ी चिंता उनकी आगामी ईएमआई है, जो हर महीने की 5 तारीख को देनी होती है और जिसकी राशि लगभग ₹21,000 है। उन्होंने बताया कि अब गाड़ी पूरी तरह नष्ट हो चुकी है, ऐसे में उनकी आय का कोई साधन नहीं बचा है और वह समझ नहीं पा रहे हैं कि अगली किस्त कैसे भरेंगे।

आनंद ने प्रशासन और कंपनी से मांग की है कि उन्हें उनकी दी गई डाउन पेमेंट के आधार पर नई गाड़ी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह दोबारा काम शुरू कर सकें और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

इस पूरे मामले को लेकर टेन न्यूज़ नेटवर्क ने जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका है। जैसे ही उनका पक्ष सामने आएगा, उसे खबर में शामिल किया जाएगा।।

अगर आप आनंद कुमार की मदद करना चाहते हैं, तो उनका मोबाइल नंबर 9599375106, अकाउंट नंबर 20408708240 और IFSC कोड SBIN0008841 है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।