IGNCA और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में समझौता, शिक्षा व संस्कृति के क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (17/04/2026): शैक्षणिक, सांस्कृतिक और शोध गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए), नई दिल्ली और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू), ग्रेटर नोएडा के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल को दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करेंगे। इसके तहत शिक्षकों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान के साथ-साथ संयुक्त शोध परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा सेमिनार, कार्यशालाएं, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक महोत्सवों का संयुक्त आयोजन भी किया जाएगा। डिजिटल संसाधनों के विकास और संयुक्त प्रकाशन पर भी विशेष जोर रहेगा। साथ ही, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में संरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों के अनुवाद और लिप्यंतरण का कार्य भी इस सहयोग के अंतर्गत किया जाएगा।
यह एमओयू भारतीय सांस्कृतिक विरासत और ज्ञान परंपरा के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा और तकनीक के समन्वय की साझा सोच को दर्शाता है। इस पहल से न केवल शोध और शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि विद्यार्थियों और विद्वानों को नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

समारोह में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इस दौरान डीन एकेडमिक्स प्रो. राजीव वार्ष्णेय, रजिस्ट्रार प्रो. चंद्र कुमार सिंह, डिप्टी रजिस्ट्रार प्रो. उत्तम कुमार, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी की डीन प्रो. एस. धनलक्ष्मी, बौद्ध अध्ययन एवं सभ्यता विभाग के एचओडी एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. चिंतला वेंकट शिवासाई, डॉ. अंकिता शर्मा और सौरभ कुमार (आयुर्वेद) समेत कई संकाय सदस्य मौजूद रहे।
वहीं, आईजीएनसीए की ओर से सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उनके साथ डीन प्रशासन प्रो. रमेश सी. गौर और बृहत्तर भारत एवं क्षेत्र अध्ययन प्रभाग के प्रमुख प्रो. डी. सी. चौबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक शोध पद्धतियों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी शिक्षा, अनुसंधान और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगी। यह समझौता न केवल अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा, बल्कि भारतीय संस्कृति के संरक्षण, डिजिटलीकरण और वैश्विक स्तर पर उसके प्रसार में भी अहम भूमिका निभाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।