Noida News (14 April 2026): नोएडा में सोमवार को मजदूरों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। करीब 40 हजार फैक्ट्री वर्कर्स ने कम वेतन और खराब कामकाजी परिस्थितियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। यह प्रदर्शन शहर के करीब 80 अलग-अलग स्थानों पर फैला हुआ था। हरियाणा में न्यूनतम वेतन बढ़ाए जाने के फैसले के बाद नोएडा के मजदूरों में भी वेतन बढ़ोतरी की मांग तेज हो गई थी, जिसने इस बड़े आंदोलन का रूप ले लिया।
प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया जब कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। खासतौर पर फेज-2 और सेक्टर-63 इलाके में हालात बिगड़ गए, जहां प्रदर्शनकारियों ने वाहनों और संपत्तियों में आगजनी की और पुलिस पर पथराव किया। इसके चलते कई प्रमुख सड़कों पर जाम लग गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार शाम तक पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 300 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। एडिशनल डीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने टेन न्यूज़ नेटवर्क संवाददाता से टेलिफोनिक बातचीत में बताया कि मेरी जानकारी में लगभग 80 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी अब तक हुई है तथा आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि मजदूरों के शांतिपूर्वक लौटने के बाद कुछ “बाहरी तत्व” इलाके में पहुंचे और उन्होंने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। ये लोग पड़ोसी जिलों से आए थे और इन्होंने लोगों को भड़काकर हिंसा फैलाने का प्रयास किया। पुलिस ने ऐसे कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और बाकी की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने इस पूरे घटनाक्रम को एक “सुनियोजित साजिश” बताया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मेरठ और नोएडा से गिरफ्तार किए गए कुछ संदिग्ध आतंकियों के पाकिस्तान से जुड़े होने के संकेत मिले हैं, ऐसे में इस हिंसा के पीछे बाहरी साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। सरकार और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।