नोएडा की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने संवाद से समाधान पर दिया जोर
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (14/04/2026): शहर में हाल के दिनों में सामने आई कुछ घटनाओं को लेकर फोनरवा (फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने चिंता व्यक्त करते हुए शहरवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नोएडा देश के सबसे व्यवस्थित और शांतिप्रिय शहरों में गिना जाता है, जहां विभिन्न राज्यों से आए लोग अपने परिवारों के साथ आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ जीवन यापन करते हैं। यही विविधता और एकता इस शहर की सबसे बड़ी ताकत है।
योगेंद्र शर्मा ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ घटनाओं के माध्यम से शहर की शांति और व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि इन परिस्थितियों के पीछे के कारणों को समझा जाए और सभी संबंधित पक्ष मिलकर समाधान की दिशा में काम करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कामगारों का हित सर्वोपरि है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। किसी भी श्रमिक वर्ग की परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन इन समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण संवाद और आपसी समझ के माध्यम से ही संभव है।
फोनरवा अध्यक्ष ने कहा कि अराजकता, तोड़फोड़, सड़क जाम और आगजनी जैसी घटनाएं किसी भी समाज के लिए हितकारी नहीं होतीं। इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल शहर की छवि प्रभावित होती है बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और दैनिक जीवन भी प्रभावित होता है।
योगेंद्र शर्मा ने शासन और प्रशासन से विनम्र अपील करते हुए कहा कि, मजदूर संगठनों और उनके प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक वार्ता कर समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि संवाद के बाद भी कोई असामाजिक तत्व शहर की शांति भंग करने का प्रयास करता है, तो शहरवासियों और उद्योगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने अंत में शहर के सभी नागरिकों से अपील की कि वे मिलकर नोएडा की शांति, आपसी सौहार्द और विकास की परंपरा को बनाए रखें, ताकि शहर की सकारात्मक पहचान और मजबूत हो सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।