नोएडा हिंसा पर सीएम योगी का एक्शन: हाई लेवल कमेटी गठित, मजदूर- उद्योग विवाद की होगी जांच

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (13 April 2026): नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर भड़के श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में आ गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने औद्योगिक शांति और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया है। यह समिति पूरे मामले की गहन जांच कर जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। सरकार का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस उच्च स्तरीय समिति की अध्यक्षता औद्योगिक विकास आयुक्त करेंगे। इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अपर मुख्य सचिव और श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव को सदस्य बनाया गया है। साथ ही श्रम आयुक्त को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि समिति में श्रमिक संगठनों के पांच और उद्यमी संघों के तीन प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, ताकि सभी पक्षों की बात सुनी जा सके।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह समिति संबंधित सभी पक्षों से संवाद स्थापित कर औद्योगिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में काम करेगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि कहीं किसी निजी स्वार्थ या राजनीतिक उद्देश्य से माहौल खराब करने की कोशिश तो नहीं की गई। सरकार ने साफ कहा है कि राज्य में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्याओं का समाधान बातचीत और जांच के आधार पर निकाला जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से नोएडा में श्रमिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, जो सोमवार को हिंसक हो गया। फेज-2, सेक्टर-60, 62 और 84 समेत कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ और आगजनी की। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 तक जाम कर दिया गया, जिससे दिल्ली-नोएडा मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और हजारों लोग घंटों फंसे रहे।

इस बीच पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में दो हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस ने बताया कि बाहरी तत्वों द्वारा भड़काने की आशंका की भी जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।