Delhi NCR News (13 अप्रैल 2026): सोमवार सुबह दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए, जब मजदूर यूनियनों द्वारा वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर किया जा रहा प्रदर्शन उग्र रूप ले लिया। हजारों की संख्या में श्रमिकों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया, जिसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। ऑफिस जाने वाले लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में सुबह से जारी प्रदर्शन पहले शांतिपूर्ण था, लेकिन देखते ही देखते उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर सड़कें जाम कर दीं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कुछ इलाकों में पथराव और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कई अहम मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को डीएनडी फ्लाईवे की तरफ मोड़ा जा रहा है, ताकि दबाव को कम किया जा सके। फेज-2, सेक्टर-62 और होजरी कॉम्प्लेक्स के आसपास की सड़कें पूरी तरह प्रभावित हैं, जबकि दादरी रोड और सूरजपुर रोड पर भी यातायात ठप हो गया है। इससे नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन का असर एनएच-9 पर भी देखने को मिल रहा है, जहां लालकुआं से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक लंबा जाम लगा हुआ है। सेक्टर-60 और 62 के पास फिल्म सिटी और मायामाया फ्लाईओवर पर वाहन रेंगते नजर आए। अक्षरधाम से नोएडा आने-जाने वाले मार्ग भी प्रभावित हुए हैं, जबकि चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी फ्लाईवे पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और फेज-2 व सेक्टर-62 जैसे संवेदनशील इलाकों से बचें। ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया गया है।
इस बीच जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। मजदूर अपनी वेतन संबंधी शिकायतें 120-2978231, 120-2978232, 120-2978862 और 120-2978702 पर दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी शिकायतों का जल्द निपटारा किया जाएगा।
गौरतलब है कि नोएडा फेज-2 की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी लंबे समय से न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी न्यूनतम वेतन 20 हजार रुपये तय करने की मांग पर अड़े हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा यह आंदोलन सोमवार को अचानक उग्र हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।