नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन, क्या है प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (13 अप्रैल 2026): सप्ताह के पहले दिन सोमवार को नोएडा में श्रमिकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग जगहों पर कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और कई कंपनियों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक करीब 50 हजार श्रमिक सड़कों पर उतर आए, जिससे शहर के कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। खासकर फेज-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स के पास प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। उग्र भीड़ ने पुलिस को भी निशाना बनाया और एक पुलिस जीप को पलटकर उसमें जमकर तोड़फोड़ की, जिसके बाद उसमें आग लगा दी गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।

बढ़ते बवाल को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आया। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश जारी है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।

क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की मांगों में न्यूनतम वेतन की गारंटी, समय पर वेतन भुगतान, समान कार्य के लिए समान वेतन, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, कार्य समय का नियमन और श्रमिकों के शोषण पर रोक प्रमुख हैं। इसके अलावा ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, असंगठित और गिग श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, रोजगार सुरक्षा, छंटनी पर मुआवजा, सुरक्षित कार्यस्थल, साप्ताहिक अवकाश और महिला श्रमिकों के लिए विशेष प्रावधान जैसी मांगें भी शामिल हैं।

इस बीच, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रमिकों को आश्वस्त किया है कि प्रशासन उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल शहर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।