Noida News (10/04/2026): नोएडा पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह विदेशों के नागरिकों को हैकिंग और डेटा चोरी का भय दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूल करता था। पुलिस के अनुसार अब तक ये आरोपी 250 से अधिक विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 लैपटॉप, 15 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 15 मॉनिटर, 16 मोबाइल फोन तथा 16 माइक्रोफोन और हेडफोन बरामद किए गए हैं। यह पूरा नेटवर्क नोएडा के सेक्टर-16 क्षेत्र से संचालित किया जा रहा था।
डीसीपी शैव्या गोयल के अनुसार यह गिरोह इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेड विज्ञापन चलाकर विदेशी नागरिकों को जाल में फंसाता था। इन विज्ञापनों में टोल-फ्री नंबर दिए जाते थे और आकर्षक ऑफर के साथ तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का दावा किया जाता था। जैसे ही कोई विदेशी नागरिक इन नंबरों पर संपर्क करता, कॉल सीधे उनके सिस्टम में इंस्टॉल विशेष कॉलिंग सॉफ्टवेयर पर पहुंच जाती थी, जिसमें पहले से टोल-फ्री नंबर कॉन्फ़िगर किए गए थे।
जांच में सामने आया कि कॉल प्राप्त होने के बाद आरोपी खुद को किसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कंपनी का टेक्निकल एक्सपर्ट बताकर बातचीत शुरू करते थे। वे पहले से तैयार स्क्रिप्ट के आधार पर पीड़ित को विश्वास में लेते और बताते कि उसके कंप्यूटर या लैपटॉप में गंभीर तकनीकी समस्या है। इसके बाद आरोपी ‘एनीडेस्क’ जैसे रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर के जरिए पीड़ित के सिस्टम तक पहुंच बना लेते थे।
सिस्टम पर नियंत्रण हासिल करने के बाद आरोपी उसमें एक तकनीकी बग अपलोड कर देते थे और फिर पीड़ित को यह कहकर डराते थे कि उसका कंप्यूटर हैक हो चुका है तथा उसका निजी डेटा चोरी होने का खतरा है। इस डर का फायदा उठाकर वे समस्या ठीक करने के नाम पर 100 से 500 डॉलर तक की रकम वसूलते थे।
पुलिस के मुताबिक यदि किसी पीड़ित के पास अधिक धन होने की संभावना दिखाई देती, तो कॉल को गिरोह के वरिष्ठ सदस्य के पास ट्रांसफर कर दिया जाता था, जो अधिक रकम की मांग करता था। ठगी के जरिए प्राप्त धनराशि को आरोपी पहले क्रिप्टोकरेंसी में बदलते थे और बाद में हवाला नेटवर्क के माध्यम से भारत मंगाकर आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विवेक ठाकुर, गौरव सिंह, गौरव गुप्ता, अभिषेक मसीह, अश्वनी कुमार, रोहन शर्मा, संत कुमार, उपेंद्र सिंह उर्फ रोहित सिंह, अंकुश चौरसिया, आयुष चौबे, सुदीप सिंह, अनुपम सक्सेना, अभिषेक मौर्य, शिवम पाठक, प्रदीप कुमार सिंह और वरुण गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराध के इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।