भारत मंडपम में गूंजी “जियो और जीने दो” की गूंज, महावीर कथा 3.0 ने दिया शांति का संदेश

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 अप्रैल 2026): नई दिल्ली के भारत मंडपम में 5 अप्रैल 2026 को आयोजित महावीर कथा 3.0 का भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह आयोजन भगवान महावीर के 2625 वर्ष प्राचीन दिव्य संदेशों को वर्तमान समय में पुनः जीवंत करने का एक प्रेरणादायक प्रयास साबित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण जैन संत आचार्य लोकेश मुनि रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कथा वाचन का दायित्व प्रसिद्ध वक्ता राजीव जैन ने निभाया। उनके ओजस्वी और भावपूर्ण कथन ने श्रोताओं को भगवान महावीर के जीवन, उनके सिद्धांतों और त्याग की गहराइयों से जोड़ते हुए भावविभोर कर दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मनोनीत नगर पार्षद एवं भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के निदेशक मनोज कुमार जैन ने कहा कि भगवान महावीर का संदेश “जियो और जीने दो” आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भी इस सिद्धांत का समर्थन करते रहे हैं और भारत ने वैश्विक स्तर पर कई समस्याओं के समाधान में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वर्तमान वैश्विक तनाव को समाप्त करने में भी भारत सकारात्मक पहल करेगा।

अपने संबोधन में मनोज कुमार जैन ने भगवान महावीर के तीन मूल सिद्धांत ‘अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मशुद्धि’ को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इनका पालन कर समाज में शांति और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए राजीव जैन (सीए), सुभाष ओसवाल जैन, अनिल कुमार जैन (सीए), प्रदीप जैन, वीणा जैन सहित पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही कार्यक्रम की सूत्रधार अमीषा जैन की विशेष सराहना की और मधुर भजनों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बनाने वाले प्रदीप जैन के योगदान को भी सराहा। संस्था के सदस्य सत्य भूषण जैन की भूमिका को भी आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण बताया गया।

महावीर कथा 3.0 केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, अहिंसा और आध्यात्मिक जागरण का सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने “जय जिनेन्द्र” के उद्घोष के साथ इस पावन आयोजन को यादगार बना दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।