दिल्ली सचिवालय में प्रभु श्रीराम की गाथा को मिला कला का रूप, 30 अक्टूबर तक देखें भव्य प्रदर्शनी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 October 2026): दिल्ली सचिवालय में भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और रामायण के प्रेरणादायक प्रसंगों पर आधारित कला प्रदर्शनी ‘मनुष्यता के पथ प्रदर्शक श्रीराम’ का भव्य आयोजन किया गया। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग और मेघवर्ण आर्ट गैलरी के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को आकर्षक चित्रकलाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यह प्रदर्शनी 30 अक्टूबर तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और भगवान श्रीराम के आदर्शों का गौरवगान करते हुए कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आयोजन के लिए आयोजकों और उनकी टीम को बधाई दी तथा कार्यक्रम की परिकल्पना प्रस्तुत करने वाली रचना जी सहित उपस्थित कलाकारों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को शॉल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कपिल मिश्रा ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से जीवंत रूप दिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी लोगों को भारतीय संस्कृति और प्रभु श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी। उनके अनुसार, भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और राष्ट्रधर्म भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अभिन्न अंग हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रदर्शनी में भगवान श्रीराम के जीवन-वृत्त पर आधारित चित्र प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को बधाई दी। उन्होंने दुर्गा नवमी के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और श्रीराम के आदर्शों को कला के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के कलाकारों के प्रयासों की सराहना की।

प्रदर्शनी में भगवान श्रीराम की जीवन यात्रा, वनवास सहित रामायण के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों और हनुमान जी से जुड़े दृश्यों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इन कलाकृतियों की प्रदर्शनी इससे पहले श्रीराम जन्मभूमि में भी आयोजित की जा चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली में दुर्गा पूजा आयोजनों का भी उल्लेख किया गया। कपिल मिश्रा ने बताया कि राजधानी की दुर्गा पूजा समितियां पूरे उत्साह और समर्पण के साथ आयोजन कर रही हैं। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के लिए दिल्ली सरकार की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

इस कला प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, करुणा और मानवता जैसे मूल्यों को समाज तक पहुंचाना है। 30 अक्टूबर तक चलने वाली यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों और आम नागरिकों को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपरा को करीब से जानने का अवसर प्रदान करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।