दिल्ली गैस संकट: हकीकत ने खोली दावों की पोल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 April 2026): मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत में गैस आपूर्ति को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। एक ओर भारत सरकार और इंडियन ऑयल जैसी एजेंसियां इसे महज अफवाह करार देते हुए गैस आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य बता रही है, वहीं दूसरी ओर ज़मीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। टेन न्यूज़ नेटवर्क की टीम जब सच्चाई जानने के लिए दिल्ली के बुराड़ी इलाके के संत नगर स्थित पारूल गैस एजेंसी पहुंची, तो वहां का दृश्य सरकारी दावों से बिल्कुल उलट नजर आया।

एजेंसी पर पहुंचने पर यह साफ दिखाई दिया कि उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं और लोगों में भारी असंतोष है। इंडियन ऑयल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लगातार यह दावा किया जा रहा है कि मजदूरों और छात्रों की सुविधा के लिए 5 लीटर वाले छोटू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत में एजेंसी पर न तो 5 लीटर वाले सिलेंडर उपलब्ध थे और न ही 19 लीटर के कमर्शियल सिलेंडर। केवल 14 लीटर वाले घरेलू सिलेंडर ही सीमित मात्रा में मौजूद थे, जो मांग के मुकाबले बेहद कम साबित हो रहे थे।

एजेंसी के मालिक ने ऑफ कैमरा बातचीत में यह स्वीकार किया कि सप्लाई में समस्या है और फिलहाल केवल घरेलू सिलेंडर ही मिल पा रहे हैं। वहीं, एजेंसी के बाहर मौजूद लोगों का गुस्सा साफ झलक रहा था। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने 8 मार्च, 10 मार्च और 14 मार्च को ही गैस बुक कर दी थी, लेकिन एक महीने बीत जाने के बावजूद भी सिलेंडर उनके घर तक नहीं पहुंचा है। कुछ लोग पिछले तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, तो कुछ पांच दिनों से लगातार लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।

स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि एजेंसी के बाहर पुरुषों और महिलाओं के बीच झगड़े तक देखने को मिले। जरूरतमंद उपभोक्ताओं की आंखों में परेशानी और नाराजगी साफ दिखाई दे रही थी। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि अगर सब कुछ सामान्य है, तो फिर आम लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना क्यों करना पड़ रहा है। केवल सोशल मीडिया पर दावे करने से जमीनी हकीकत नहीं बदलती, और यही अंतर अब खुलकर सामने आ रहा है।

इस पूरे मामले ने सरकार और गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ जिम्मेदार संस्थाएं कैमरे के सामने सब कुछ सामान्य बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ती नजर आ रही हैं, तो दूसरी ओर आम जनता बुनियादी जरूरत के लिए जूझ रही है। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि सरकार और संबंधित अधिकारी केवल बयानबाजी तक सीमित न रहें, बल्कि सख्त और ठोस कदम उठाकर इस संकट का समाधान करें, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।