सीएम योगी ने काशी में किया ‘सम्राट विक्रमादित्य’ महानाट्य का शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (04/04/2026): बाबा विश्वनाथ की पावन धरा काशी में राष्ट्रनायक सम्राट विक्रमादित्य की गौरवगाथा पर आधारित ‘महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य’ के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी में मां गंगा के तट पर इस महानाट्य की प्रस्तुति विशेष रूप से प्रासंगिक रही। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में भाई-भाई के संबंध का आदर्श उदाहरण प्रभु राम-लक्ष्मण और श्रीकृष्ण-बलराम की जोड़ी रही है, उसी प्रकार भर्तृहरि और सम्राट विक्रमादित्य की जोड़ी भी इतिहास में विख्यात रही है, जिसकी साक्षी काशी रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भर्तृहरि की दीक्षा भले ही उज्जैन में हुई, लेकिन उनकी साधना की स्थली काशी के निकट चुनार का किला रहा, जिसका संबंध उनके नाम से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इस महानाट्य के आयोजन के लिए काशी को प्राथमिकता दी गई थी और वैकल्पिक रूप से चुनार को भी प्रस्तावित किया गया था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय मूल्य और आदर्शों से जोड़ने का एक व्यापक अभियान रहा। उन्होंने कला और सिनेमा की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि कलाकार और फिल्म निर्माता समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए उनके द्वारा प्रस्तुत विषयवस्तु का प्रभाव सीधे युवा पीढ़ी पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यदि नकारात्मक पात्रों को नायक के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, तो उसका प्रभाव समाज और युवाओं पर गलत पड़ता है, जबकि सकारात्मक और प्रेरणादायक चरित्र समाज को सही दिशा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय परंपरा और कालगणना का उल्लेख करते हुए कहा कि विक्रम संवत भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण पहचान है। काशी को पंचांग की भूमि और उज्जैन को कालगणना की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि दोनों का समन्वय भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में सहायक रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 के बाद भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणाली को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। योग और आयुष के माध्यम से भारत की विरासत दुनिया में अपनी छाप छोड़ रही है।

उन्होंने प्रयागराज कुंभ और महाकुंभ के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भागीदारी भारत की सांस्कृतिक शक्ति को दर्शाती है। साथ ही, काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को भारत की आस्था और विरासत से जुड़ा ऐतिहासिक परिवर्तन बताया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य’ के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और इसे भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।