जेवर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की पहल, विधायक धीरेंद्र सिंह ने रेल मंत्री से की मुलाकात
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/04/2026): जेवर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती विकास संभावनाओं और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने गुरुवार को संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक ने चोला रेलवे स्टेशन के व्यापक विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि इस स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाए, ताकि भविष्य में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए यह एक महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र बन सके। उनका कहना था कि चोला स्टेशन का उन्नयन होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और क्षेत्र में निवेश तथा आर्थिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
धीरेंद्र सिंह ने रेल मंत्री के समक्ष कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे। इनमें स्टेशन के पुनर्विकास की योजना, यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं का विस्तार, एयरपोर्ट तक तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क सुनिश्चित करना, नई रेल लाइन को शीघ्र स्वीकृति दिलाना और प्रमुख ट्रेनों का चोला स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने इस क्षेत्र में माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए चोला स्टेशन को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की आवश्यकता भी बताई।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक द्वारा प्रस्तुत सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें सकारात्मक बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जेवर क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन प्रस्तावों का प्राथमिकता के आधार पर अध्ययन कराया जाएगा और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है और इसके अनुरूप क्षेत्र में आधुनिक परिवहन ढांचे का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर रेल सुविधाओं के साथ आने वाले समय में जेवर क्षेत्र निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। इस बैठक में अनूपशहर से विधायक संजय शर्मा भी मौजूद रहे और उन्होंने भी क्षेत्र की रेल सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।