चपरगढ़ गांव से 13 वर्षीय किशोरी लापता, अपहरण की आशंका; तीन लोगों पर केस दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/04/2026): दनकौर कोतवाली क्षेत्र के चपरगढ़ गांव से 13 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण की आशंका के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार शाम पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और किशोरी की सुरक्षित बरामदगी की मांग की।

पीड़ित परिवार के मुखिया दिनेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी मंगलवार दोपहर किसी घरेलू काम के सिलसिले में घर से बाहर गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन देर रात तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।

परिजनों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मिर्जापुर गांव के रहने वाले सुमित और उसके दो अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी बेटी को जबरन अपने साथ ले गए हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी उनके घर के नजदीक स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं और दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद से परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं और लगातार किशोरी की तलाश में जुटे हुए हैं। बुधवार शाम बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण दनकौर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही किशोरी का पता नहीं चलता है तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमों को किशोरी की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच तेज कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।