राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में ग्रेटर नोएडा के किसानों किया ने एसीपी कार्यालय का घेराव
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31/03/2026): भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को ओडिशा के भुवनेश्वर में हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद गौतमबुद्ध नगर में किसानों का आक्रोश देखने को मिला। सोमवार देर रात बड़ी संख्या में किसान ग्रेटर नोएडा स्थित एसीपी थर्ड कार्यालय पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया।
किसानों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि किसान नेताओं को इस तरह से हिरासत में लेना लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे किसान नेताओं को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित एक महापंचायत के दौरान पुलिस ने चौधरी राकेश टिकैत को हिरासत में ले लिया था। जैसे ही यह सूचना गौतम बुद्ध नगर के किसानों तक पहुंची, विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से किसान नेता और कार्यकर्ता ग्रेटर नोएडा में एकत्रित होने लगे।
धरना स्थल पर मौजूद भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि किसान नेता राकेश टिकैत की गिरफ्तारी अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक टिकैत को बिना शर्त रिहा नहीं किया जाता, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान किसान देर रात तक एसीपी कार्यालय के बाहर डटे रहे। वहीं पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और हालात पर नजर बनाए रखी। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए लगातार किसानों से संवाद करने का प्रयास किया।
इस विरोध प्रदर्शन में क्षेत्र के कई प्रमुख किसान नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें राजे प्रधान, राजीव मलिक, सुनील प्रधान, मटरू नागर, अजीत अधाना, सूरत नागर, विवेक, बेली भाटी, धर्मपाल स्वामी, धनीराम मास्टर, सूबे राम मास्टर, नागेश चपराना, राजू चौहान, सुंदर भूड़ा, सुंदर खटाना, महेश खटाना, योगेश भाटी, अनिल खटाना, सूरज भाटी, भगत सिंह प्रधान, विनोद शर्मा, सुरेंद्र, अमित डेढा, अमित जैलदार और सचिन कसाना समेत कई किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करते हुए बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।