राजनीतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों का बुलाना अनुचित: डॉ कुलदीप मलिक

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/03/2026): शिक्षक नेता एवं शिक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के संस्थापक डॉक्टर कुलदीप मलिक ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को राजनीतिक कार्यक्रमों में बुलाकर उन्हें भीड़ तंत्र का हिस्सा बनाने को अनुचित करार दिया है एवं इस संबंध में उन्होंने अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।

डॉक्टर मलिक ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में राजनीतिक कार्यकर्मों में भीड़ को बढ़ाने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का उपयोग किया जा रहा है जो किसी भी हाल में उचित नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए स्पष्ट किया कि अभी हाल ही में 28 तारीख को देश के प्रधानमंत्री जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने आ रहे हैं जिसमें आसपास के जिलों के जिला अधिकारियों ने नोटिस निकाल कर जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि स्कूल की सभी बसों को कार्यक्रम में लोगो को ले जाने के लिए लगाया गया है। केवल गाज़ियाबाद जिले से विभिन्न विद्यालयों की 800 बसों का उपयोग इस कार्यक्रम के लिए होना निश्चित किया गया है एवं विद्यालयों में ऑनलाइन माध्यम से कक्षाओं के संचालन के निर्देश दिए गए है। डॉक्टर मलिक के अनुसार यह यह शिक्षा के अधिकार का खुला उल्लंघन है।

डॉ मलिक ने यह भी बताया कि ग्रेटर नोएडा एवं आसपास के विश्विद्यालयों, प्राइवेट तकनीकी संस्थानों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी विद्यार्थियों को कार्यक्रम में भेजने का दिशा निर्देश दिया गया है और इन्हीं दिशा निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक संस्थान विद्यार्थियो एवं शिक्षकों को कार्यक्रम में भेजने की तैयारी में जुटा है जिसके कारण संस्थानों में शैक्षणिक कार्य किसी न किसी रूप में बाधित हो है। डॉक्टर मलिक ने सभी राजनीतिक दलों से भविष्य में ऐसा न करने की अपील करते हुए सामाजिक संस्थाओं एवं बुद्धिजीवी लोगों से इस संबंध में अपनी आवाज बुलंद करने का निवेदन किया है।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।