नोएडा में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य शुभारंभ | मंत्री बृजेश सिंह ने किया उद्घाटन

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (24 जनवरी 2025): नोएडा के सेक्टर 33ए स्थित शिल्प हाट में 24 से 26 जनवरी 2025 तक तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन किया जा रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष नोएडा मनोज गुप्ता, जिला अध्यक्ष ग्रेटर नोएडा गजेंद्र मावी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ से उत्तर प्रदेश दिवस के उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया। मंत्री बृजेश सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का गहन अवलोकन किया और अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।

जनकल्याणकारी योजनाओं का वितरण

उत्तर प्रदेश दिवस के पहले दिन विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग और समाज कल्याण विभाग ने अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की संस्कृति, कला और विरासत को प्रदर्शित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर और गजल गायक भूषण कुमार ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

मंत्री बृजेश सिंह ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश उत्तम प्रदेश के रूप में उभरा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे लोकल उत्पादों को बढ़ावा दें और प्रदर्शनी में शामिल स्टॉल्स का भ्रमण करें। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी देते हुए लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।

शिल्प हाट में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने क्षेत्र की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने मेडिकल डिवाइस पार्क, सेमीकंडक्टर पार्क और इंटरनेशनल फिल्म सिटी जैसी योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग ने पीएम कुसुम योजना और प्राकृतिक खेती पर स्टॉल लगाए।

मंत्री बृजेश सिंह ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना और मिशन शक्ति जैसे अभियानों की जानकारी दी गई। मंत्री ने जनता से उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति और विरासत को करीब से जानने और प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ प्रदेश के विकास कार्यों और योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। नोएडा प्राधिकरण ने अपने क्षेत्र में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी।

 

उत्तर प्रदेश दिवस का यह आयोजन जनता को प्रदेश की उन्नति और संस्कृति से जोड़ने का एक प्रयास है। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।