करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन, 10वीं के बाद सही स्ट्रीम चयन पर छात्रों को मिला मार्गदर्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/03/2026): गौतम बुद्ध नगर में छात्रों के भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से नेकी का डिब्बा फाउंडेशन और Born to Win Learning Service के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष करियर काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू क्लब में आयोजित हुआ, जिसमें 10वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को 10वीं के बाद विषय चयन—साइंस, कॉमर्स या ह्यूमैनिटीज—को लेकर सही मार्गदर्शन देना था, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार उचित निर्णय ले सकें। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि सही स्ट्रीम का चयन छात्रों के करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व भारतीय नौसेना अधिकारी, मोटिवेशनल स्पीकर एवं Born to Win Learning Service के सीईओ नरेंद्र पाल सिंह ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 10वीं के बाद लिया गया निर्णय केवल विषयों का चुनाव नहीं, बल्कि भविष्य की मजबूत नींव रखने जैसा होता है। उन्होंने आत्म-विश्लेषण, निर्णय क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करने के व्यावहारिक तरीके साझा किए, जो छात्रों को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सहायक हो सकते हैं।
इसके अलावा, टूरिश एकेडमी के निदेशक एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्याम एम. पटेल ने विभिन्न शैक्षणिक धाराओं में उपलब्ध करियर विकल्पों का विस्तार से विश्लेषण प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने रुचि क्षेत्र और योग्यता को ध्यान में रखते हुए ही करियर का चयन करें, जिससे वे लंबे समय तक संतुष्टि और सफलता प्राप्त कर सकें।

नेकी का डिब्बा फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक गिरीश चंद्र शुक्ला ने बताया कि ‘नेकी की पाठशाला’ पहल के तहत वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में झुग्गी बस्तियों में रहने वाले 74 बच्चों को शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। भविष्य में Born to Win के सहयोग से सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ विभिन्न सोसाइटियों में भी ऐसे काउंसलिंग सत्र नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानने के लिए स्व-विश्लेषण के तरीकों से अवगत कराया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उभरते करियर विकल्पों पर भी चर्चा की गई। प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों और अभिभावकों ने अपने सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। इस पहल को अभिभावकों ने भी सराहा और इसे छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।