दिल्ली में सिविक एजेंसियों को LG का सख्त संदेश, ‘दावों नहीं, जमीन पर दिखे काम’
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (25 March 2026): राजधानी नई दिल्ली में नागरिक सुविधाओं को लेकर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सख्त रुख अपनाते हुए सिविक एजेंसियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब कागजी दावों से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर काम दिखाना होगा। बुधवार को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने नगर निगम और अन्य एजेंसियों के कार्यों की व्यापक समीक्षा की और अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
बैठक में एलजी ने साफ कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए केवल योजनाएं और प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि उनके ठोस परिणाम जनता को नजर आने चाहिए। खास तौर पर कचरा प्रबंधन, टूटी सड़कों की मरम्मत और धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने जैसे मुद्दों पर तेज और प्रभावी कार्रवाई करने को प्राथमिकता दी गई।
उपराज्यपाल ने शहर में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं जैसे कूड़े के पहाड़ और खराब सड़कों पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन पर समयबद्ध तरीके से काम हो। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान और मीडिया में उठाए गए मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई ही प्रशासन की असली कसौटी है।

बैठक के दौरान एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी को भी बड़ा मुद्दा बताया गया। एलजी ने दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों के बीच आपसी खींचतान और कार्यक्षेत्र के ओवरलैप को खत्म करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि सभी एजेंसियों का एकमात्र लक्ष्य जनता को बेहतर सेवाएं देना होना चाहिए।
इस बीच, दिल्ली सरकार की ओर से वित्त वर्ष के बजट में सिविक सेवाओं के लिए अतिरिक्त फंड का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पेश बजट में एमसीडी को 1100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। ऐसे में एलजी की यह समीक्षा बैठक और कड़े निर्देश राजधानी में साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को सुधारने की दिशा में अहम माने जा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।