QR कोड से सख्ती: अब ट्रेन में नकली वेंडरों की छुट्टी, खाने की क्वालिटी भी होगी ट्रैक!
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (19 मार्च 2026): भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने और यात्रियों को सुरक्षित व प्रमाणित भोजन उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब ट्रेन में खानपान सेवाओं से जुड़े सभी अधिकृत विक्रेताओं को क्यूआर कोड-सक्षम पहचान पत्र अनिवार्य रूप से जारी किए जाएंगे, जिससे उनकी पहचान और सत्यता तुरंत जांची जा सकेगी। इसके साथ ही खाद्य पैकेटों पर भी क्यूआर कोड लगाया जाएगा, जिसमें रसोई का नाम, निर्माण तिथि और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज होगी, ताकि यात्रियों को मिलने वाला भोजन पूरी तरह ट्रेस किया जा सके।
रेलवे के अनुसार, ट्रेनों में फेरी लगाकर सामान बेचना पहले से ही प्रतिबंधित है और यह रेल अधिनियम, 1989 की धारा 144 के तहत दंडनीय अपराध है। इस पर सख्ती बढ़ाते हुए अब नामित अधिकारी और रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) नियमित निरीक्षण कर रहे हैं, जबकि समय-समय पर विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं ताकि अनधिकृत विक्रेताओं की एंट्री रोकी जा सके।
यात्रियों को बेहतर और स्वच्छ भोजन देने के लिए रेलवे ने आधुनिक बेस किचन की स्थापना, सीसीटीवी निगरानी और उच्च गुणवत्ता वाले कच्चे माल के उपयोग जैसे कई अहम कदम उठाए हैं। अब भोजन केवल निर्धारित बेस किचन से ही तैयार होकर ट्रेनों में पहुंचेगा। इन किचनों में खाद्य सुरक्षा पर्यवेक्षकों की तैनाती होगी और हर प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए सभी खानपान इकाइयों के लिए एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) का प्रमाणन अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, पेंट्री कारों और बेस किचन में नियमित सफाई, कीट नियंत्रण, भोजन के नमूनों की जांच, तृतीय-पक्ष ऑडिट और औचक निरीक्षण भी सुनिश्चित किए जाएंगे। रेलवे और आईआरसीटीसी के पर्यवेक्षक भी ट्रेनों में तैनात रहेंगे, जो सेवा की गुणवत्ता पर नजर रखेंगे।
रेलवे ने खानपान कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया है, जिसमें व्यवहार, संवाद, सेवा मानक और स्वच्छता जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है। ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण के जरिए यात्रियों की प्रतिक्रिया भी लगातार ली जाएगी, ताकि सेवाओं में सुधार किया जा सके।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में जानकारी देते हुए कहा कि इन उपायों से न केवल अनधिकृत बिक्री पर रोक लगेगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।