गाजियाबाद डबल डेथ मिस्ट्री: बेटे ने लगाई छलांग, घर में माँ की मौत से सनसनी

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (19/03/2026): दिल्ली से सटे गाजियाबाद के महागुनपुरम हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने ऊंची इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि कुछ ही देर बाद पुलिस को उसी शख्स की बुजुर्ग मां का शव उनके फ्लैट के अंदर संदिग्ध हालत में मिला। इस दोहरी मौत ने मामले को रहस्यमय बना दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है। महागुनपुरम सोसाइटी के विनायक टावर में रहने वाला राजवीर अचानक 13वीं मंजिल पर पहुंचा और वहां से नीचे कूद गया। गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जब जांच के लिए ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर 028 पर पहुंची, जहां राजवीर की मां सतनाम कौर रहती थीं, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला और भीतर से तेज दुर्गंध आ रही थी। दरवाजा खुलवाने पर पुलिस ने देखा कि बुजुर्ग महिला का शव बिस्तर पर पड़ा है। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मृत्यु एक-दो दिन पहले ही हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, राजवीर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पॉडकास्टिंग का काम करते थे, लेकिन हाल के समय में उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा, पारिवारिक जीवन भी सामान्य नहीं था पत्नी और बच्चा उनसे अलग रह रहे थे। बताया जा रहा है कि यह मानसिक तनाव उनके लिए भारी पड़ रहा था।

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मौतों के बीच क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि मां की मृत्यु के बाद मानसिक आघात में आकर बेटे ने यह कदम उठाया हो, लेकिन अन्य एंगल से भी जांच जारी है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत स्वाभाविक थी या इसमें किसी प्रकार की साजिश या आपराधिक पहलू जुड़ा है। इस घटना के बाद महागुनपुरम सोसाइटी में भय और अनिश्चितता का माहौल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह महज संयोग है या इसके पीछे कोई गहरी कहानी छिपी है? फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।