ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को जल्द मंजूरी देने की मांग, राज्यसभा में उठाया मुद्दा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (14 March 2026): उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने राज्यसभा में ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वह आवास और शहरी कार्य मंत्रालय का ध्यान नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से जुड़े एक महत्वपूर्ण जनसुविधा के विषय की ओर आकर्षित करना चाहते हैं। सांसद ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट, जिसे आमतौर पर नोएडा एक्सटेंशन भी कहा जाता है, देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों में से एक बन चुका है।

सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि इस क्षेत्र में तेजी से नई आवासीय सोसायटियां बन रही हैं और लाखों लोग यहां रह रहे हैं। रोजाना बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली की ओर आवागमन करते हैं। लेकिन प्रभावी और सुलभ सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण लोगों को भारी ट्रैफिक जाम, समय की बर्बादी और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की ओर से सेक्टर 142 से बोटैनिकल गार्डन, डिपो से बोडाकी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो विस्तार की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। जानकारी के अनुसार इन तीनों परियोजनाओं का टेंडर एक साथ जारी करने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो रूट को अभी तक केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी नहीं मिलने के कारण इस रूट का टेंडर जारी नहीं हो पा रहा है।

सांसद ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट को नोएडा और दिल्ली की मेट्रो प्रणाली से जोड़ना लाखों निवासियों के लिए बेहद जरूरी है। इससे क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और संतुलित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को जल्द मंजूरी देकर सेक्टर 142 से बोटैनिकल गार्डन और डिपो से बोडाकी रूट के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए।

गौरतलब है कि बीते दिनों नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 स्थित किसान चौक तक मेट्रो लाइन के विस्तार का प्रस्ताव आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को भेज दिया है।प्रस्तावित रूट लगभग 7.5 किलोमीटर लंबा होगा और इसके जरिए सेक्टर-61, 70, 122, 123 होते हुए किसान चौक तक मेट्रो पहुंचाने की योजना बनाई गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।