Ten Talks में वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ ए.पी.सिंह ने युवाओं को दिया संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और सेवा का संदेश

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (11/03/2026): अग्रणी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।

कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह स्थान ऐतिहासिक और संवैधानिक महत्व का केंद्र है, जहां देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग विचारों के आदान-प्रदान के लिए एकत्रित होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए टेन न्यूज़ नेटवर्क की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच के माध्यम से संवाद की परंपरा को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने टेन न्यूज़ के एडिटर-इन-चीफ गजानन माली, सब – एडिटर और कार्यक्रम के संयोजन से जुड़े रंजन अभिषेक के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह एक माला को धागा जोड़कर रखता है, उसी तरह ऐसे आयोजनों को सफल बनाने में पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. आदिश सी. अग्रवाला का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि वे देशभर के वकीलों के बीच एक सम्मानित नाम हैं और लंबे समय तक सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन तथा बार काउंसिल से जुड़े पदों पर कार्य कर चुके हैं।

अपने संबोधन में एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह ने मंच पर मौजूद वक्ताओं और अतिथियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सविता ने अपने विचारों में गांव और समाज से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया, वहीं डॉ. खुशबू ने गंभीर विषयों पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि टेन न्यूज़ का कार्यक्रम “टेन टॉक्स” संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, क्योंकि किसी भी वाद-विवाद का समाधान अंततः संवाद से ही निकलता है। संवाद होने पर समाधान और उसके बाद समस्याओं का निदान संभव हो पाता है।

एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वकालत की शुरुआत के शुरुआती दौर में कई महत्वपूर्ण हस्तियों को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि जब वे वकालत के पेशे में आए, तब उनके माता-पिता ने उन्हें सीख दी कि जो ज्ञान और संस्कार बचपन में मिले हैं, उन्हें जीवन के कार्यों में उतारना चाहिए। उन्होंने बताया कि वकालत के क्षेत्र में उनका यह 30वां वर्ष है और इस दौरान उन्होंने देश के कई बड़े मामलों में काम किया है।

उन्होंने उपस्थित छात्रों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में संघर्ष से आगे बढ़ने की भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने लक्ष्य के प्रति निडर होकर आगे बढ़ना चाहिए और समाज तथा देश के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा संस्थानों के छात्रों से भी कहा कि वे सीखने के लिए आएं और समाज की सेवा के उद्देश्य से आगे बढ़ें।

अपने संबोधन में उन्होंने देश की एकता और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए काम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, दलित, पीड़ित, मजदूर और जरूरतमंद लोगों के लिए संघर्ष करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में किए गए कार्य ही व्यक्ति की पहचान बनाते हैं और ऐसे काम करने चाहिए जिनके बारे में लोग आगे भी याद रखें और पढ़ें।

कार्यक्रम के अंत में एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह ने उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए देश के प्रति समर्पण और आपसी सम्मान की भावना बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने सभी से माता-पिता के सम्मान और परिवार में प्रेम बनाए रखने की बात भी कही। अंत में उन्होंने सभी से उत्साह के साथ “भारत माता की जय” का नारा लगाने का आह्वान किया।

इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया'(प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।