जेवर–दादरी में करोड़ों के पर्यटन विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (12 March 2026): जेवर और दादरी विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जेवर विधानसभा के ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों नेताओं ने नानकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों की खुशहाली की कामना के साथ की। जनसभा में क्षेत्र के हजारों लोग शामिल हुए।

इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रचंड बहुमत से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और 2017 में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। इसी मजबूत नेतृत्व के कारण प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि जेवर आज उत्तर प्रदेश का नया लैंडमार्क बन चुका है, जहां एशिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनकर तैयार हो गया है और दुनिया भर के निवेशक यहां आने के लिए उत्सुक हैं।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और उसके बाद के उत्तर प्रदेश में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। पहले पर्यटन और संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता नहीं दी जाती थी, लेकिन आज प्रदेश में सनातन संस्कृति के पुनरोद्धार और पर्यटन के व्यापक विकास के लिए लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण संभव हो पाया है। साथ ही पिछले वर्ष आयोजित भव्य कुंभ में पूरी दुनिया ने भारत की सनातन संस्कृति की झलक देखी।
उन्होंने कहा कि पहले जेवर से दिल्ली पहुंचने में घंटों लग जाते थे, लेकिन अब सड़कों के विकास से आवागमन सुगम हो गया है। साथ ही प्रदेश में कानून व्यवस्था भी मजबूत हुई है, जिसके कारण महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं और उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना देश-विदेश में हो रही है।

वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उनका एकमात्र लक्ष्य जेवर क्षेत्र के विकास और यहां के लोगों की खुशहाली सुनिश्चित करना रहा है। उन्होंने कहा कि जो जेवर क्षेत्र कभी गुमनामी और उपेक्षा का शिकार था, वह आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे विश्व के मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि यहां बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।

धीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रस्तावित फिल्म सिटी से उत्तर भारत के हजारों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए विश्वस्तरीय मंच मिलेगा और उन्हें अब अवसरों की तलाश में मुंबई नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जेवर निवेश, रोजगार और विकास का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा और दुनिया भर के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इस दौरान पर्यटन विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण भी किया गया। जेवर विधानसभा के ग्राम सिरसा माचीपुर स्थित मां भूड़ा वाली मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का शुभारंभ किया गया। वहीं 50 लाख रुपये की लागत से जावली ऋषि मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर के विकास कार्यों का 81 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा दादरी विधानसभा के ग्राम वाजिदपुर स्थित प्राचीन बेरी वाले मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का शुभारंभ किया गया। साथ ही दादरी के ग्राम सोनपुर भोला रावल स्थित प्राचीन बाबा भोला सिद्ध शिव मंदिर में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कासना स्थित सती मंदिर और दनकौर के खेड़ा दैवत मंदिर के लिए भी विधायक के प्रस्ताव पर धनराशि देने की घोषणा की। यह घोषणा जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर की गई।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाईपुर ब्रह्मनान निवासी पंडित किशनचंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन सुशील शर्मा ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।