प्रभु श्री राम की मर्यादा को पूरे देश में कायम रखने का प्रयास करूंगा: सांसद अवधेश प्रसाद | Ten Talks

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (11/03/2026): अग्रणी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।

सांसद अवधेश प्रसाद ने टेन टॉक्स कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, इस समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से सम्मानित और मेधावी लोगों को आमंत्रित किया गया है और उन्हें भी इस कार्यक्रम में बुलाकर सम्मानित किया गया, जिसके लिए उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा के सांसद सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे, जिन्हें उन्होंने सुना।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि उनका जन्म और शिक्षा प्रभु श्री राम की धरती अयोध्या में हुई है। उन्होंने कहा कि वहां के मतदाताओं के समर्थन और प्रभु श्री राम, हनुमान जी और सरयू मां की कृपा से उन्हें सामान्य सीट से चुनाव लड़ने का अवसर मिला और उन्हें सफलता प्राप्त हुई। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नेता अखिलेश यादव के सहयोग से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली और आज उन्हें लोगों के बीच अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने संकल्प लिया कि प्रभु श्री राम की मर्यादा के अनुसार कार्य किया जाएगा, क्योंकि रामराज्य की अवधारणा में यह माना जाता है कि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की तकलीफ नहीं होती। उन्होंने कहा कि तुलसीदास जी ने भी अपने लेखन में ऐसे राज्य का वर्णन किया है जहां किसी को कोई कष्ट नहीं होता।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि जब उन्होंने क्षेत्र में लोगों को उजाड़े जाने और किसानों की जमीन जबरन लिए जाने की घटनाएं देखीं तो उन्होंने इसे अन्याय बताया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम के राज्य में किसी के साथ अत्याचार या अन्याय नहीं होता था।

उन्होंने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि प्रभु श्री राम की मर्यादा केवल अयोध्या तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे देश में उस मर्यादा को कायम रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की भावना के साथ समाज को खुशहाल बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस कार्यक्रम में मेधावी लोगों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जिससे उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की असली दौलत सोना, चांदी या हीरा-जवाहरात नहीं होती, बल्कि उस देश के लोग और विशेष रूप से वहां की प्रतिभाएं होती हैं। प्रतिभाएं देश की कीमती संपत्ति हैं और उन्हें जितना सम्मान दिया जाए, वह कम है।

इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया'(प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि “टेन टॉक्स” जैसे संवादात्मक मंच समाज में सकारात्मक विचार-विमर्श को बढ़ावा देंगे और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में प्रेरित करने का कार्य करेंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।