किसानों की महापंचायत में दिल्ली कूच की चेतावनी: क्या बोले किसान नेता चमन मुखिया और राजवीर मुखिया ?
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (04 दिसंबर, 2024): नोएडा और ग्रेटर नोएडा के किसान यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर आज सुबह से महापंचायत के लिए जुटे हुए हैं। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत द्वारा बुलाई गई इस महापंचायत में किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली और निजी वाहनों से पहुंचे हैं।
किसानों का सरकार पर आरोप
किसानों का आरोप है कि सरकार ने उनसे धोखा किया है। भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष चमन मुखिया ने कहा, “शासन-प्रशासन ने 7 दिन का आश्वासन देकर धरना स्थगित कराया और फिर किसानों को गिरफ्तार कर लिया। अब हम किसी की नहीं सुनेंगे। पहले गिरफ्तार किसानों को रिहा कराएंगे, फिर दिल्ली की ओर बढ़कर संसद का घेराव करेंगे।”
राकेश टिकैत पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि टिकैत यहां जरूर आएंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई समिति को किसानों के लिए “लॉलीपॉप” बताते हुए कहा कि ये सिर्फ शोषण करती है।
शांतिपूर्ण आंदोलन में बाधा का आरोप
भारतीय किसान यूनियन भानु के अध्यक्ष राजवीर मुखिया ने कहा, “शांतिपूर्ण आंदोलन चल रहा था, लेकिन हमारी मांगे नहीं मानी गईं। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी से शुरू हुआ यह आंदोलन दलित प्रेरणा स्थल तक पहुंचा, लेकिन पुलिस ने रोककर किसानों को गिरफ्तार कर लिया।”
उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “अथॉरिटी में बैठे लोग किसानों का शोषण कर रहे हैं। कमेटियां बनती हैं, लेकिन किसानों को केवल आश्वासन दिया जाता है। अब इसे 15 दिन या 1 महीने में खत्म करने की बात कही जा रही है, जो बर्दाश्त नहीं होगा।”
महापंचायत में किसानों ने दिल्ली कूच की चेतावनी दी है। प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।