भारत टेक्स 2026 का आगाज़: 140 देशों की भागीदारी के साथ दुनिया का सबसे बड़ा वस्त्र मेला जुलाई में

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (11 मार्च 2026): केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह (Union Minister Giriraj Singh) ने बुधवार को भारत के प्रमुख वैश्विक वस्त्र सम्मेलन “भारत टेक्स 2026” के आयोजन की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन वैश्विक वस्त्र अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती नेतृत्व भूमिका का प्रतीक है। उद्योग, सरकार और व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि भारत टेक्स को एक ऐसे व्यापक वैश्विक मंच के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें फाइबर और यार्न से लेकर कपड़े, परिधान, तकनीकी वस्त्र और सतत नवाचार तक संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

यह मेगा आयोजन 14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस बार के आयोजन में 3,500 से अधिक प्रदर्शकों, 140 से अधिक देशों के 7,000 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1,30,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। इस प्रदर्शनी में फाइबर, यार्न, कपड़े, परिधान, फैशन, घरेलू वस्त्र, तकनीकी वस्त्र, हस्तशिल्प, हथकरघा और आधुनिक विनिर्माण तकनीकों सहित संपूर्ण वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5एफ विज़न – फार्म से फाइबर, फाइबर से फैक्ट्री, फैक्ट्री से फैशन और फैशन से फॉरेन की अवधारणा को साकार करता है, जिसका उद्देश्य कृषि, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देना है। उन्होंने वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग निकायों की सराहना करते हुए कहा कि भारत टेक्स देश को वस्त्रों के लिए एक विश्वसनीय, सतत स्रोत और बड़े निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में वस्त्र सचिव नीलम शमी राव, अपर सचिव रोहित कंसल, इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन एवं “हैंडीक्राफ्ट्स मैन ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध डॉ राकेश कुमार सहित विभिन्न निर्यात संवर्धन परिषदों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।

भारत टेक्स 2024 और 2025 की सफलता के बाद भारत टेक्स 2026 को अब तक का सबसे बड़ा संस्करण बताया जा रहा है। यह आयोजन प्रदर्शनियों, ज्ञान सत्रों, खरीदार-विक्रेता बैठकों और नीतिगत संवादों का संगम होगा, जिसका उद्देश्य उद्योग से जुड़े विचारों को ठोस व्यावसायिक परिणामों में बदलना है। विशेष रूप से सतत और चक्रीय वस्त्र, तकनीकी वस्त्र, एमएसएमई एकीकरण, नवाचार और वैश्विक बाजार पहुंच जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण “ग्लोबल टेक्सटाइल डायलॉग” होगा, जिसमें नीति निर्माताओं, वैश्विक उद्योग नेताओं और नवप्रवर्तकों के बीच ज्ञान सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में वैश्विक व्यापार, स्थिरता और ईएसजी मानक, इंडस्ट्री 5.0, तकनीकी वस्त्र और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला जैसे उभरते विषयों पर चर्चा होगी, जिससे उद्योग और एमएसएमई को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा।

भारत टेक्स 2026 का आयोजन उद्योग की पहल पर भारत टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) द्वारा किया जाएगा, जो वस्त्र उद्योग से जुड़ी 11 निर्यात संवर्धन परिषदों और अन्य उद्योग संगठनों का समूह है। बीटीटीएफ के अध्यक्ष नरेन गोयनका और सह-अध्यक्ष भद्रेश डोडिया ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि यह मंच वैश्विक खरीदारों, निर्माताओं, स्टार्टअप्स, डिजाइनरों और शिक्षाविदों को जोड़ने का बड़ा अवसर प्रदान करेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत टेक्स 2026 भारत के वस्त्र क्षेत्र की नवाचार क्षमता, सतत विकास और वैश्विक व्यापार में बढ़ती भूमिका को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।