बीटा-1 सेक्टर में पीजी की छत पर एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/03/2026): ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 सेक्टर में स्थित एक पीजी भवन की छत पर रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक विस्फोट होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सिलेंडर फटने के बाद छत पर रखे कुछ फर्नीचर और अन्य सामान में आग लग गई, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में घबराहट फैल गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति नियंत्रण में आ गई और इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह घटना बीटा 2 थाना के अंतर्गत आने वाले बीटा-1 सेक्टर स्थित डी-73 नंबर मकान में संचालित एक पीजी में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत पर रखा एलपीजी सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया, जिसके बाद वहां मौजूद लकड़ी का फर्नीचर और कुछ घरेलू सामान आग की चपेट में आ गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और तत्काल पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छत पर रखे सिलेंडर में आग लगने के कारण विस्फोट हुआ था। हालांकि आग सीमित क्षेत्र में ही रही और दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही काफी हद तक बुझ चुकी थी, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

दमकल विभाग का कहना है कि यदि सिलेंडर भवन के अंदर रखा होता तो स्थिति अधिक गंभीर हो सकती थी। छत पर होने के कारण आग और धमाके का असर सीमित रहा और किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।

घटना के बाद क्षेत्र की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने सेक्टर में चल रहे अवैध पीजी को लेकर चिंता व्यक्त की है। आरडब्ल्यूए महासचिव हरेंद्र भाटी ने कहा कि सेक्टर में बड़ी संख्या में पीजी बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहे हैं, जिनमें सुरक्षा मानकों का अक्सर पालन नहीं किया जाता। उन्होंने प्राधिकरण और प्रशासन से मांग की कि ऐसे पीजी की जांच कर नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों को भी खतरा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि पीजी और किराएदारों से जुड़े भवनों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।