New Delhi News (10 March 2026): राजधानी दिल्ली और एनसीआर के आसमान में इन दिनों अचानक धूल भरा मौसम देखने को मिल रहा है। आसमान में फैली डस्ट की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है और प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। इसी के साथ तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से अधिक माना जा रहा है।
मौसम में आए इस बदलाव को लेकर मौसम वैज्ञानिक महेश पालावत ने बताया कि 5 और 6 मार्च के बीच पश्चिमी दिशा से तेज हवाएं चली थीं। इन हवाओं की रफ्तार करीब 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिसके कारण बलूचिस्तान, सेंट्रल पाकिस्तान और राजस्थान के इलाकों से धूल उड़कर दिल्ली और एनसीआर तक पहुंच गई। इसी वजह से राजधानी के आसमान में धूल की परत दिखाई दे रही है और विजिबिलिटी में कमी दर्ज की जा रही है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा रही कि ईरान में जारी युद्ध के दौरान रिफाइनरियों में लगी आग से उठने वाला धुआं भारत तक पहुंच सकता है और इससे एसिड रेन का खतरा बढ़ सकता है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए महेश पालावत ने कहा कि ईरान में बमबारी के बाद धुएं से तेहरान के आसपास एसिड रेन की स्थिति बनी थी, लेकिन उसका असर भारत तक पहुंचने की संभावना बेहद कम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान और भारत के बीच करीब 2500 से 3000 किलोमीटर की दूरी है। यदि लगातार पश्चिमी दिशा से हवाएं चलतीं तो धुआं भारत तक पहुंच सकता था, लेकिन फिलहाल हवाओं की दिशा अलग है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह धुआं भारत की बजाय चीन और रूस की ओर जाने की संभावना ज्यादा है।
उत्तर भारत में अचानक बढ़ती गर्मी को लेकर भी वैज्ञानिकों ने चिंता जताई है। उनके अनुसार वातावरण में मौजूद प्रदूषक सूर्य की ऊर्जा को रोकने का काम करते हैं, जिससे गर्मी का असर अधिक महसूस होने लगता है। इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर में तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है और आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार भी जा सकता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।