नोएडा में प्रेरणा परिवार का पत्रकार होली मिलन समारोह, संवाद और समरसता के साथ मनाया गया उत्सव
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (08/03/2026): सेक्टर-62 स्थित एनआईओएस मुख्यालय में रविवार को प्रेरणा परिवार की ओर से पत्रकारों के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लेकर आपसी संवाद, सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। समारोह का उद्देश्य पत्रकार समुदाय के बीच संवाद को मजबूत करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘पंच परिवर्तन’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में त्योहार केवल उत्सव का अवसर नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम भी होते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज की सजग प्रहरी है और राष्ट्र जीवन को दिशा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
संयोग से यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद सभी महिलाओं को सम्मानपूर्वक नमन करते हुए समाज निर्माण में नारी शक्ति के योगदान को रेखांकित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार ने अपने विचार रखते हुए कहा कि ऋग्वेद में भी कई महिला ऋषियों का उल्लेख मिलता है, जो यह दर्शाता है कि भारत में प्राचीन काल से ही महिलाओं ने ज्ञान, विचार और नेतृत्व के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ज्ञान और सृजन का प्रतीक माना गया है।
प्रसार भारती की सलाहकार स्मिता मिश्रा ने भी कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने होली के सांस्कृतिक महत्व और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संवाद और सकारात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश-उत्तराखण्ड क्षेत्र के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, एआईओएस के अध्यक्ष अखिलेश मिश्र, न्यूज़18 के ग्रुप कंसल्टेंट एडिटर ब्रजेश श्रीवास्तव, टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली, वरिष्ठ पत्रकार अनिल निगम, अनंत विजय, प्रतिबिम्ब शर्मा, डीडी न्यूज़ से अशोक श्रीवास्तव और प्रखर श्रीवास्तव, इंडिया टीवी से मीनाक्षी जोशी, न्यूज़ 24 से अखिलेश आनंद, टीवी9 भारतवर्ष से प्रमिला दीक्षित सहित कई मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा विष्णु शर्मा, स्वप्निल सारस्वत तथा पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापकों समेत लगभग 125 पत्रकारों की उपस्थिति रही। कुल मिलाकर कार्यक्रम में करीब 175 से अधिक लोगों ने सहभागिता की।
समारोह का संचालन वैशाली महानगर के प्रचार प्रमुख करुण कपिल ने किया। वहीं गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी उत्सवमय बना दिया। हरिश्चन्द्र के नेतृत्व में वैशाली, ताराचंद और अमित ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को रंगीन बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मेरठ प्रांत के सह-प्रचार प्रमुख डॉ. अनिल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद पारंपरिक फूलों की होली खेली गई और सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान होली के रंग, मधुर संगीत और आत्मीय संवाद का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों के लिए स्नेहभोज की व्यवस्था भी की गई। प्रेरणा परिवार की ओर से आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।