आधुनिक इलाज, पारदर्शिता और नैतिकता के साथ किफायती दरों पर चिकित्सा सेवाएं: सुनील गुप्ता | KDSG सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (05/03/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हवन- पूजन कर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम को पहला विश्व कप दिलाने वाले दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, गौतम बुद्ध नगर प्रभारी बृजेश सिंह, प्रमोटर सुनील कुमार गुप्ता और डॉ. अजिंक्य डीवाई पाटिल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
टेन न्यूज नेटवर्क से खास बातचीत में सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना एक साझा परिकल्पना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह विचार उन्होंने अपने को-फाउंडर कपिल देव निकंज और ऑपरेटर डॉ. अजिंक्य डी.वाई. पाटिल के साथ मिलकर तैयार किया था, जो अब साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि इस पहल को आगे बढ़ाने में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहयोग और आशीर्वाद मिला है, जिसके लिए वे आभारी हैं। सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि किसी भी अस्पताल के निर्माण से रोजगार के अवसर पैदा होते हैं, लेकिन इसके साथ ही आसपास के लोगों को आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना भी इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आसपास बड़ी संख्या में फ्लैट्स और गांव हैं, इसलिए यहां के लोगों को आधुनिक इलाज, पारदर्शिता और नैतिकता के साथ किफायती दरों पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल का मुख्य लक्ष्य रहेगा।
डॉ. अजिंक्य डी.वाई. पाटिल ने बताया कि अस्पताल में शुरुआत में कार्डियक सर्जरी सहित विभिन्न प्रकार की सर्जरी सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे मरीजों की जरूरत और मांग बढ़ेगी, अस्पताल में नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं भी जोड़ी जाएंगी और भविष्य में इसके विस्तार पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल को सेवा भावना के साथ संचालित किया जाएगा और इसे केवल मुनाफे के नजरिए से नहीं देखा जा रहा है। उनका कहना था कि मरीजों को बेहतर इलाज किफायती लागत पर उपलब्ध कराना ही संस्थान का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में उनके कई अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां कुल मिलाकर आठ हजार से ज्यादा बेड की सुविधा है और पिछले करीब 40 वर्षों का अस्पताल प्रबंधन का अनुभव अब उत्तर प्रदेश में भी लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास और सरकार के प्रोत्साहन के कारण यहां निवेश और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं, इसलिए भविष्य में राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे अस्पताल स्थापित करने की योजना है।

कपिल देव निकंज ने बातचीत में बताया कि कोविड-19 के दौरान लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिस तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, उसी दौरान अस्पताल खोलने का विचार सामने आया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सुनील कुमार गुप्ता और अन्य सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाया गया और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को इसके लिए उपयुक्त स्थान माना गया। उन्होंने बताया कि यह अस्पताल लोगों की सेवा के उद्देश्य से स्थापित किया गया है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कपिल देव ने कहा कि फिलहाल यह पहला अस्पताल शुरू किया गया है और इसके संचालन के बाद आगे की योजनाओं पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों में भी इस तरह के अस्पताल खोलने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की ओर से निवेश के लिए दिए जा रहे प्रोत्साहन का स्वागत है और आगे किसी भी नए प्रोजेक्ट से पहले विस्तृत योजना बनाकर सरकार के सामने प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य लोगों की सेवा करना है, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।