“मंत्री, विधायक, संसद और सीएम तक के कार्यकाल में नीतीश कुमार के कुर्ते पर एक भी दाग नहीं”: अमित शाह
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Bihar News (05 March 2026): पटना में राज्यसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने राजधानी पहुंचे। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन स्थल पर एनडीए नेताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक रूप से अहम बना दिया। कार्यक्रम के बाद अमित शाह ने मीडिया से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मीडिया से बातचीत में अमित शाह ने कहा, “आज मैं पटना में नितिन नवीन-राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा, नीतीश कुमार-बिहार के मुख्यमंत्री, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार के राज्यसभा नामांकन के लिए यहां पर आया हूं। नितिन नवीन राज्य में लंबे समय तक यशस्वी राजनीति करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और अब वो राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी अपना योगदान देंगे। हम सब NDA के सदस्य और भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में और संसद में स्वागत करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है। बहुत लंबे अरसे के बाद वे फिर से राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश कर रहे हैं। 2005 से लेकर आज तक वे बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं और उनका यह कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा। उन्होंने बिहार को जंगलराज से मुक्त कर विकास को नई गति दी है।”
अमित शाह ने अपने बयान में कहा, “नीतीश कुमार ने बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, आधारभूत ढांचे को मजबूत किया और हर घर तक बिजली पहुंचाने में बड़ा योगदान दिया। इतने लंबे राजनीतिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा। भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो।”
उन्होंने यह भी कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में बिहार को आगे ले जाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 1974 के जयप्रकाश आंदोलन से लेकर आज तक उन्होंने लोकनायक के सिद्धांतों पर चलने का प्रयास किया है। राज्यसभा सांसद के रूप में उनका दिल्ली आना राष्ट्रीय राजनीति के लिए महत्वपूर्ण होगा। मैं और NDA के सभी साथी उनका हृदय से स्वागत करते हैं।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।