गलत दिशा से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बलेनो को मारी टक्कर, भाई-बहन घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (04/03/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें भाई-बहन घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बलेनो कार को सामने से टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग खुल जाने से दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं।

पुलिस के मुताबिक, रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र निवासी नदीम अपनी बहन हीना के साथ ग्रेटर नोएडा से गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार दनकौर क्षेत्र में गौर यमुना सिटी के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो ने बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्कॉर्पियो नियंत्रण खोकर सड़क किनारे बने नाले को पार करते हुए सर्विस रोड तक जा पहुंची।

हादसे में बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, समय पर एयरबैग सक्रिय होने से नदीम और हीना की जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो से एक पेटी बीयर भी बरामद की है, जिससे शराब पीकर वाहन चलाने की आशंका और मजबूत हुई है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आरोपी चालक से पूछताछ जारी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।