‘शेर-ए-बिहार’ राम लखन सिंह यादव की स्मृति समारोह में राजनीतिक दिग्गजों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (22 जनवरी 2025): बिहार के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राम लखन सिंह यादव की स्मृति में दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित महामना मालवीय मिशन में शनिवार (18 जनवरी 2025) को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद उपस्थित हुए। उन्होंने स्वर्गीय यादव के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए और पिछड़े वर्गों तथा ओबीसी समुदाय के उत्थान में उनके योगदान की सराहना की।
राम लखन बाबू: न्यायप्रियता और शिक्षा के प्रहरी
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि राम लखन बाबू लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ थे, जिनके द्वार से कोई भी व्यक्ति अपनी फरियाद लिए निराश नहीं लौटा। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया और समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाने के लिए 400 से अधिक स्कूल और 100 से अधिक कॉलेजों की स्थापना की। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं, लेकिन पार्टी ने उनके साथ न्याय नहीं किया।
स्मृति समारोह का भव्य आयोजन
इस आयोजन का सफल संचालन राम लखन बाबू की पौत्री शुभ लक्ष्मी और उनकी संस्था ट्रू वैल्यू फाउंडेशन के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रशांत दामोदर हरतालकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष, ने स्वर्गीय यादव के योगदान को याद करते हुए कहा कि वह शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने यह भी कहा कि “संस्कारयुक्त ज्ञान ही असली ज्ञान है,” यही विचार श्री यादव के जीवन का आधार था और इसी सिद्धांत पर उनकी पौत्री शुभ लक्ष्मी ने ट्रू वैल्यू फाउंडेशन की स्थापना की।
विशेष अतिथियों ने किया सम्मान
कार्यक्रम में न्यायमूर्ति सखा राम सिंह (सेवानिवृत्त, इलाहाबाद उच्च न्यायालय) ने राम लखन बाबू को पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित बताया। वहीं, पूर्व सांसद और मंत्री डी.पी. यादव ने कहा कि यदि राम लखन बाबू आज हमारे बीच होते, तो भारत की राजनीति का स्वरूप कुछ और ही होता। उन्होंने पिछड़े वर्गों के स्वाभिमान की रक्षा के लिए जो प्रयास किए, वे आज भी प्रेरणादायक हैं।
श्रेष्ठ सेवा सम्मान से विभूषित
इस अवसर पर “राम लखन सिंह यादव श्रेष्ठ सेवा सम्मान – 2025” से दिल्ली विश्वविद्यालय के आचार्य नारायणा देव कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. चमन सिंह को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में भाग लेने वाले विशिष्ट अतिथि
इस समारोह में भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष सागर रायका, पूर्व सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अशोक बाजपेयी, महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह, झारखंड के विधायक निर्मल महतो, और जनार्दन पासवान, सहित अनेक गणमान्य हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
राम लखन सिंह यादव: बिहार के गौरव, शिक्षा के प्रणेता
राम लखन बाबू न केवल एक कुशल राजनीतिज्ञ थे बल्कि एक महान शिक्षाविद् और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने पिछड़े वर्गों और गरीबों के उत्थान के लिए अनगिनत कार्य किए। पूर्वांचल और बिहार में उनके नाम से चल रहे शैक्षणिक संस्थान आज भी उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। लोगों ने उन्हें ‘शेर-ए-बिहार’ की उपाधि दी, जो उनके प्रति जनता के अटूट प्रेम और सम्मान का प्रतीक है।
सरकार स्वर्गीय राम लखन सिंह यादव को राष्ट्रीय स्तर का रिकॉग्निशन दे: शुभ लक्ष्मी
टेन न्यूज से विशेष बातचीत करते हुए ट्रू वैल्यू फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं स्वर्गीय राम लखन सिंह यादव की पौत्री शुभ लक्ष्मी ने कहा कि, जिस महानुभाव के नाम पर 400 से भी अधिक स्कूल और 100 से अधिक कॉलेज बिहार- झारखंड में संचालित हैं, निश्चित रूप से सरकार को उन्हें एक रिकॉग्निशन देना चाहिए जो राष्ट्रीय स्तर पर हो। इनका सम्मान होना हमारे सम्मान होने के बराबर है। इनका योगदान शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल कॉलेज और शिक्षा के लिए जागृति लाने में तो है ही, और भी योगदान है। एक व्यक्ति जब शिक्षित हो जाता है तो उसमें यह चेतना आ जाती है कि उनके अधिकार क्या हैं और जब शिक्षा से लोगों के अंदर यह चेतना आती है तो उनका अधिकार जो लोगों का इस समाज के भीतर जो हक है वह उन्हें मिलना चाहिए, वह प्रदान करने के लिए वह सक्षम हो जाते हैं। साथ ही उनके योगदान वंचित और पिछड़े समाज के लिए बहुत महत्वपूर्ण है कि उन्हें अधिकार एक संरचनात्मक रूप से कैसे प्रदान किया जाए और वह समाज से कैसे अपने अधिकार की मांग करें इस दिशा में उन्होंने लोगों को जागरूक किया।
समारोह के अंत में ट्रू वैल्यू फाउंडेशन की अध्यक्ष शुभ लक्ष्मी ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया और घोषणा की कि यह आयोजन हर वर्ष भव्य रूप से किया जाएगा, ताकि स्वर्गीय राम लखन सिंह यादव के विचार और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।