मुआवजे की रकम बनी खून की वजह, युवक की हत्या मामले में बड़ा खुलासा!

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/03/2026): ग्रेटर नोएडा अंतर्गत रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में हुए युवक की सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि जमीन के बदले मिले 32 लाख रुपये के मुआवजे को हथियाने के लिए परिवार के भीतर ही खौफनाक साजिश रची गई थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक सुखदेव की हत्या किसी बाहरी रंजिश का नतीजा नहीं, बल्कि लालच से उपजी साजिश थी। इस वारदात की योजना सुखदेव के सगे बड़े भाई हरकेश ने अपने बेटे हिमांशु और उसके एक करीबी दोस्त के साथ मिलकर बनाई थी, ताकि मुआवजे की पूरी रकम पर अकेले कब्जा किया जा सके।

घटना 22 फरवरी की है, जब कलूपुरा से भीकनपुर जाने वाली सड़क के किनारे बंबे के पास गन्ने के खेत में सुखदेव का शव बरामद हुआ था। वह बीते पांच दिनों से लापता था, जिससे परिवार में पहले ही चिंता का माहौल था। शव मिलने के बाद परिजनों के होश उड़ गए और मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया। मृतक के पिता सुरेश चंद्र शर्मा ने इस संबंध में अपने बड़े बेटे हरकेश, उसके बेटे हिमांशु, ससुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की।

रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हरकेश के बेटे हिमांशु और उसके दोस्त अमित पुत्र तुलाराम, निवासी कलूपुरा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को झाझर से जहांगीरपुर जाने वाले मार्ग पर गांव मारहरा बंबा पुलिया के पास से पकड़ा गया, जहां वे इलाके से फरार होने की तैयारी में थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मुआवजे की रकम को आपस में बांटने के बजाय वे पूरी राशि खुद रखना चाहते थे। इसी लालच ने उन्हें हत्या जैसे संगीन अपराध की ओर धकेल दिया।

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए रबूपुरा थाना प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड हरकेश अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।