दिल्ली में 4 योजनाओं का शुभारंभ, एक क्लिक में देखें विस्तृत रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 March 2026): नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिल्ली सरकार की चार महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ थीम के तहत आयोजित किया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक स्थिति को मजबूत करना है।

1. सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना

इस योजना के तहत दिल्ली की महिला निवासी डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड प्रणाली से एकीकृत होगा। इसके माध्यम से महिलाएं मेट्रो, रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भुगतान कर यात्रा भी कर सकेंगी। कार्ड को मौजूदा ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम से जोड़ा जाएगा और इसे मुफ्त जारी किया जाएगा, जिसका खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी।

2. दिल्ली लखपति बिटिया योजना

इस योजना को नए स्वरूप में लागू किया गया है। इसके तहत बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56 हजार रुपये जमा किए जाएंगे। यह राशि जन्म से लेकर शिक्षा के अलग-अलग पड़ावों पर दी जाएगी। ब्याज सहित 21 वर्ष की आयु तक यह परिपक्वता राशि एक लाख रुपये से अधिक होने की संभावना है, जिससे बेटियों की उच्च शिक्षा और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

3. होली और दिवाली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर

इस योजना के तहत दिल्ली के राशन कार्ड धारक परिवारों को साल में दो बार एलपीजी सिलेंडर की कीमत के बराबर राशि दी जाएगी। यह राशि डीबीटी के माध्यम से परिवार के मुखिया के आधार-लिंक बैंक खाते में जमा होगी, जिसके नाम पर राशन कार्ड जारी है। इससे लगभग साढ़े 15 लाख परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है और घरेलू खर्च में राहत मिलेगी।

4. ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ (लाडली योजना भुगतान)

दिल्ली लाडली योजना के 40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये डिजिटल माध्यम से उनके खातों में हस्तांतरित किए जाएंगे। यह राशि उन बेटियों की परिपक्वता राशि है, जो लंबे समय से लंबित थी। वर्ष 2008 में शुरू की गई लाडली योजना का उद्देश्य बालिका जन्म और शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के महत्वपूर्ण चरणों पर वित्तीय सहायता प्रदान करना है।।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज दिल्ली की हर बेटी और महिला के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जो नारी शक्ति और सशक्तिकरण के नए अध्याय की शुरुआत करता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू हुई योजनाएं बदलती दिल्ली की नई सोच का प्रतिबिंब हैं। लखपति बिटिया योजना जहां बेटियों के सपनों को संवारने का माध्यम बनेगी, वहीं सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड उन्हें उन सपनों तक पहुंचने का रास्ता देगा। होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर की DBT रसोई में सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, जबकि 40,642 बेटियों के खातों में ₹100 करोड़ की DBT सहायता उन्हें उनका अधिकार दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि बहनें कार्य बल का हिस्सा बनें, इनोवेशन में भागीदारी करें और घरेलू इनकम बढ़ाने में योगदान दें, जिससे उनका आत्मविश्वास और सशक्त हो।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके जीवन को संघर्ष, सादगी और साहस का प्रतीक बताया, जो हर बेटी को ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देता है। मंच को विश्वास और सम्मान का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल बेटी के जन्म से लेकर आत्मनिर्भर बनने तक की संपूर्ण यात्रा को समर्पित है। प्रधानमंत्री के ‘नारी शक्ति वंदन’ मंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने दोहराया कि विकसित भारत की मजबूत नींव महिला सशक्तिकरण से ही रखी जा सकती है। इसी दिशा में दिल्ली सरकार योजनाओं को सामाजिक बदलाव का माध्यम बना रही है, जहां हर बेटी का जन्म उत्सव और उसकी शिक्षा को निवेश माना जाएगा, ताकि सशक्त नारी से समृद्ध दिल्ली और विकसित भारत का निर्माण हो सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।