Greater Noida News (02/03/2026): ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में आयोजित चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का रविवार को भव्य समापन हुआ। 26 फरवरी से 1 मार्च तक चली इस प्रदर्शनी का आयोजन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देशन में किया गया, जिसमें शहर की सुंदरता और हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
समापन समारोह में दादरी विधायक तेजपाल नागर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया। स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता के अंतर्गत आवासीय श्रेणी में सेक्टर-1 स्थित स्टेलर वन सोसाइटी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि स्टेलर जीवन दूसरे और एडब्ल्यूएचओ टाउनशिप तीसरे स्थान पर रही। वहीं गैर आवासीय श्रेणी में प्रज्ञान स्कूल ने पहला स्थान, दिल्ली पब्लिक स्कूल दूसरे और बैनेट यूनिवर्सिटी तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को क्रमशः एक लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपए की धनराशि देकर सम्मानित किया गया।

सांत्वना पुरस्कार भी दोनों श्रेणियों में दिए गए। आवासीय श्रेणी में एल्डिको मैस्टिक ग्रींस अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन और पूर्वांचल सिल्वर सिटी को तथा गैर आवासीय श्रेणी में बेथानी कॉन्वेंट स्कूल और क्राउन प्लाजा, सूरजपुर को 25-25 हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि फूल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और जन्म से लेकर मृत्यु तक हर अवसर पर उनका विशेष महत्व रहता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से शहर की सुंदरता बढ़ती है और लोगों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता आती है। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों की सराहना की और बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का आभार जताया।

वहीं एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सभी प्रतिभागियों और शहरवासियों का धन्यवाद करते हुए हरियाली बढ़ाने और शहर को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से बल्क वेस्ट जेनरेटरों से अपील की कि वे अपने परिसर में उत्पन्न कचरे का उचित प्रबंधन करें, ताकि शहर को साफ और सुंदर बनाया जा सके।
चार दिनों तक चली इस प्रदर्शनी में 50 से अधिक किस्मों के करीब 70 हजार फूलों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए पूरे जिले से 3 लाख से अधिक लोग पहुंचे। कार्यक्रम में प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, गिरीश कुमार झा, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह पुष्प प्रदर्शनी न केवल शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही, बल्कि स्वच्छता, हरियाली और सामुदायिक भागीदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बनी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।