नोएडा फेस-2 पुलिस की मुठभेड़ में मोबाइल स्नैचर घायल, अवैध हथियार और चोरी के फोन बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (22 जनवरी 2025): थाना फेस-2 नोएडा पुलिस ने आज सुपरटेक तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने के प्रयास में मुठभेड़ की। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस एक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रोकने का प्रयास कर रही थी, लेकिन वह रुकने के बजाय तेज गति से भाग निकला।
सुपरटेक तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति को रुकने का संकेत दिया गया। लेकिन उसने रुकने के बजाय एटीएस की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत उसका पीछा किया। हाईवे पर पहुंचने के बाद, आरोपी जेपी फ्लाईओवर की ओर मुड़ा और फ्लाईओवर चढ़ने के पास अपनी बाइक छोड़ दी। इसके बाद, उसने अपने पास मौजूद अवैध हथियार से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया।
घायल आरोपी की पहचान फैजान (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से मुरादनगर, गाजियाबाद का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के ग्राम गेझा में किराए के मकान में रहता है। फैजान के पास से 5 चोरी के स्मार्टफोन, एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर), एक खाली कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
फैजान एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ दर्ज प्रमुख मुकदमों में शामिल हैं:
मुकदमा संख्या 641/20, धारा 380/411, थाना फेस-2, जिला गौतमबुद्ध नगर।
मुकदमा संख्या 257/19, धारा 379/411, थाना मुरादनगर, जिला गाजियाबाद।
मुकदमा संख्या 436/22, धारा 302/504/34, थाना मुरादनगर, जिला गौतमबुद्ध नगर।
पुलिस ने बताया कि फैजान पर एनसीआर क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी के कई अन्य मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि फैजान को पकड़ने के दौरान हुई मुठभेड़ में कानून के सभी मानदंडों का पालन किया गया। घायल आरोपी का इलाज जारी है और उससे आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से इलाके में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।