New Delhi News (26 February 2026): सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए केंद्र सरकार 14 वर्ष की आयु की सभी लड़कियों के लिए राष्ट्रीय HPV वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने जा रही है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि अभियान की औपचारिक शुरुआत 28 फरवरी 2026 को सुबह 11:30 बजे की जाएगी। इस अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंजूरी के बाद राजस्थान के अजमेर से किया जाएगा। लॉन्च कार्यक्रम के दौरान सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
मंत्रालय के अनुसार, कार्यक्रम में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, प्रशासक, स्वास्थ्य मंत्री और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने मुख्यालय से शामिल होंगे। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से एक विशेष वर्चुअल लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। लॉन्च इवेंट का लिंक अलग से साझा किया जाएगा, ताकि देशभर में समन्वित रूप से अभियान की शुरुआत सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के तहत देशभर में 14 वर्ष की सभी पात्र लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर गार्डासिल-4 वैक्सीन की एकल डोज़ दी जाएगी। यह वैक्सीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सब-डिस्ट्रिक्ट और जिला अस्पतालों के साथ-साथ सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक केंद्र पर AEFI (Adverse Event Following Immunization) प्रबंधन के लिए कोल्ड चेन पॉइंट और एक समर्पित चिकित्सा अधिकारी की व्यवस्था की गई है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि HPV वैक्सीनेशन पूरी तरह स्वैच्छिक है। वैक्सीन लगाने से पहले माता-पिता या अभिभावकों की सहमति लेना अनिवार्य होगा। तीन महीनों की विशेष अवधि के दौरान अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को कवर करने के लिए प्रतिदिन वैक्सीन उपलब्ध रहेगी। इसके बाद नियमित टीकाकरण दिनों में भी यह सुविधा जारी रहेगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों को HPV वैक्सीनेशन को लेकर पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। लक्ष्य समूह के अनुसार आवश्यक वैक्सीन डोज़ की आपूर्ति भी कर दी गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी कोल्ड चेन पॉइंट पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि यह अभियान देश में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक बड़ा कदम है। समय पर टीकाकरण से लाखों किशोरियों को भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाया जा सकेगा। मंत्रालय ने अभिभावकों और समाज से अपील की है कि वे इस जनस्वास्थ्य पहल का समर्थन करें और पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कर स्वस्थ भारत के निर्माण में सहयोग दें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।