मिशन 2027: अखिलेश यादव की नैया पार लगाएंगे पीके!

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (26/02/2026): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने चुनावी रणनीति की कमान चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) की कंपनी Indian Political Action Committee (I-PAC) को सौंप दी है। बताया जा रहा है कि I-PAC की टीम जल्द ही लखनऊ में डेरा डालकर अभियान की रूपरेखा पर काम शुरू करेगी।

इस संबंध में अखिलेश यादव और प्रशांत किशोर के बीच पहली बैठक दिसंबर 2025 में दिल्ली में हुई थी। इसके बाद जनवरी 2026 में पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान दोनों के बीच दोबारा लंबी चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टॅलिन (M. K. Stalin) और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने भी अखिलेश यादव को I-PAC को हायर करने की सलाह दी थी।

28 मार्च से नोएडा में कैंपेन की शुरुआत

28 मार्च को अखिलेश यादव नोएडा से अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। यहां ‘पीडीए भागीदारी रैली’ के जरिए वे चुनावी संदेश देने की तैयारी में हैं। पार्टी संगठन स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

अलग-अलग काम के लिए अलग कंपनियां

समाजवादी पार्टी चुनावी अभियान के विभिन्न पहलुओं के लिए अलग-अलग एजेंसियों को जिम्मेदारी दे रही है।

डेटा एनालिसिस और रणनीति तैयार करने का काम मुंबई की कंपनी शो टाइम कंसल्टिंग को सौंपा गया है।

सर्वे का कार्य कर्नाटक की एक एजेंसी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू कर दिया है।

बताया जा रहा है कि, I-PAC बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने, वोटर टर्नआउट बढ़ाने के लिए ऐप-आधारित टूल्स के इस्तेमाल और विपक्षी दलों की कमजोरियों के विश्लेषण पर काम करेगी।

अखिलेश के लिए अहम चुनाव

2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा 255 सीटों के साथ सत्ता में लौटी थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने 37 सीटें जीतकर प्रदर्शन में सुधार दर्ज किया। 2027 का चुनाव अखिलेश यादव के लिए सत्ता वापसी का बड़ा अवसर माना जा रहा है। पार्टी स्तर पर बूथ कमेटियों से फीडबैक लिया जा रहा है और जमीनी नेटवर्क को सक्रिय किया जा रहा है।

प्रशांत किशोर ने 2011 में संयुक्त राष्ट्र की नौकरी छोड़कर भारतीय राजनीति में कदम रखा था। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के लिए रणनीति तैयार की थी। बाद में उन्होंने I-PAC की स्थापना की, जिसने कई राज्यों में चुनावी अभियानों का संचालन किया।

2015 में बिहार में नीतीश कुमार की जीत, 2016 में पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की सफलता, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और तमिलनाडु में डीएमके की जीत में I-PAC की भूमिका बताई जाती है।

हाल के वर्षों में प्रशांत किशोर सक्रिय राजनीति में भी आए और बिहार में अपनी ‘जन सुराज’ पहल पर काम कर रहे हैं। हालांकि, I-PAC का संचालन अब उनकी टीम संभाल रही है।

यूपी में पहले भी कर चुके हैं काम

प्रशांत किशोर इससे पहले, 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए रणनीति बना चुके हैं। उस समय ‘27 साल यूपी बेहाल’ का नारा दिया गया था। बाद में सपा-कांग्रेस गठबंधन हुआ, लेकिन चुनाव में कांग्रेस को 7 और सपा को 47 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था।

अब, 2027 के चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी पेशेवर चुनावी रणनीति, डेटा विश्लेषण और जमीनी संगठन के सहारे व्यापक अभियान चलाने की तैयारी में है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।