बीजेपी का दूसरा संकल्प पत्र जारी: छात्रों, टैक्सी चालकों और घरेलू कामगारों के लिए कई बड़े वादे!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 जनवरी, 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपना दूसरा संकल्प पत्र जारी किया। इसे संसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और सांसद मनोज तिवारी की मौजूदगी में पेश किया गया। संकल्प पत्र में छात्रों, ऑटो-टैक्सी चालकों और घरेलू कामगारों के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं।

अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी जो कहती है, वो करती है, जबकि आप केवल चुनावी घोषणाओं तक सीमित रहती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने पर जरूरतमंद छात्रों को केजी से पीजी तक सरकारी संस्थानों में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को आवेदन शुल्क और यात्रा खर्च की दो बार तक प्रतिपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा, उन्हें 15,000 रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

संकल्प पत्र में डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टाइपेंड योजना की घोषणा की गई है, जिसके तहत ITI, स्किल सेंटर और पॉलिटेक्निक के अनुसूचित जाति के छात्रों को प्रति माह 1,000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों के लिए वेलफेयर बोर्ड बनाने का वादा किया गया है। इसमें 10 लाख रुपये का जीवन बीमा, 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और उनके बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति का प्रावधान होगा।

घरेलू कामगारों के लिए भी वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाएगा। इन्हें 10 लाख रुपये का जीवन बीमा, 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और मातृत्व लाभ के लिए छह महीने की पेड मैटरनिटी लीव दी जाएगी। अनुराग ठाकुर ने आप पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि शीशमहल घोटाले और शिक्षा प्रणाली की विफलता पर चर्चा से भाग रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे

टिप्पणियाँ बंद हैं।