राइडर म्यूजिक फेस्टिवल के चलते नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (20/02/2026): नोएडा में 21 और 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले राइडर म्यूजिक फेस्टिवल को लेकर यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर ने विशेष यातायात निर्देश जारी किए हैं। यह संगीत महोत्सव दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक सेंसेशन लॉन, ग्रेट इंडिया प्लेस मॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसका आयोजन साउथ एशिया एफएम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में प्रतिदिन करीब 5,000 से 6,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जीआईपी मॉल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात दबाव बढ़ सकता है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों को सड़क किनारे खड़ा न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर लागू होगा रूट डायवर्जन
जीआईपी मॉल के सामने यातायात अत्यधिक होने की स्थिति में निम्नलिखित वैकल्पिक मार्ग लागू किए जाएंगे—
बॉटनिकल गार्डन / सेक्टर-37 की ओर से जीआईपी मॉल जाने वाले वाहनों को अट्टा चौक सेक्टर-18 से अट्टापीर चौक की ओर मोड़ दिया जाएगा, जहां से वाहन चालक अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
एलिवेटेड रोड सेक्टर-60 की ओर से सेक्टर-18 अंडरपास होकर जीआईपी मॉल आने वाले यातायात को अंडरपास से पहले बाईं ओर सर्विस लेन से सेक्टर-28 कार मार्केट की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा।
डीएलएफ मॉल या गुरुद्वारा सेक्टर-18 की ओर से यू-टर्न लेकर जीआईपी मॉल आने वाले वाहनों को अट्टा चौक से सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन की ओर भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की यातायात समस्या या जानकारी के लिए यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।यातायात पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कार्यक्रम के दौरान सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि आम जनता को कम से कम परेशानी हो।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।