Noida News (20/02/2026): नोएडा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के 12 स्कूलों को एक साथ बम विस्फोट की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। यह ई-मेल पंजाबी भाषा में लिखा गया था और महज 44 शब्दों में तैयार किए गए संदेश में विशेष कोड शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। ई-मेल में दो अलग-अलग स्थानों पर बम का उल्लेख अलग-अलग कोड के जरिए किया गया था। साथ ही एक खालिस्तानी नेता का संदर्भ भी सामने आया, जबकि मेट्रो को लेकर भी धमकी का संकेत दिया गया था।
धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। बिना समय गंवाए सभी संबंधित स्कूलों और संभावित स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस टीमों ने स्कूल परिसरों और मेट्रो स्टेशनों की गहन तलाशी ली।
आईटी और साइबर सेल ने ई-मेल में इस्तेमाल किए गए कोड शब्दों की तकनीकी जांच की। जांच में सामने आया कि यह मेल सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक ही समय पर सभी 12 स्कूलों को भेजा गया था। प्रारंभिक पड़ताल में ई-मेल के कंटेंट में खालिस्तानी आंदोलन और तीन वर्ष पहले मारे गए एक खालिस्तानी नेता का उल्लेख पाए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस उस आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है, जहां से यह मेल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नोएडा में पहले भी स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं, लेकिन उन मामलों में आमतौर पर अंग्रेजी या अरबी भाषा का प्रयोग किया गया था। पंजाबी भाषा और कोड वर्ड्स के इस्तेमाल का यह पहला मामला माना जा रहा है। हालांकि, व्यापक तलाशी अभियान के बाद किसी भी स्कूल या मेट्रो स्टेशन से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस ई-मेल का मुख्य उद्देश्य छात्रों और अभिभावकों में भय का माहौल बनाना तथा सीबीएसई परीक्षाओं को प्रभावित करना हो सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और आम नागरिकों से सतर्कता बनाए रखने की अपील की है।
इस संबंध में राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर के 12 स्कूलों को धमकी भरा ई-मेल मिला था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी स्कूल में कोई प्रतिकूल स्थिति सामने नहीं आई है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। ई-मेल की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम द्वारा तकनीकी जांच जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने स्कूलों को बम धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले एक गिरोह का खुलासा किया था। एसटीएफ ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी क्षेत्र से नेपाली मूल के केदारनाथ, लेखनाथ और अमीष सहित अनंत, दिव्यांशु और साहिल को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से एक रिकवरी मोबाइल बरामद किया गया था, जिसका इस्तेमाल कर 23 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।