नई दिल्ली (04 दिसंबर 2024): पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर सोमवार को स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) के बाहर एक हमलावर ने गोली चलाई। इस हमले में सुखबीर सिंह बादल बाल-बाल बच गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि हमलावर ने किस तरह से गोली चलाई और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे पिस्तौल समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के समय वहां मीडिया कर्मी भी मौजूद थे।
इस हमले के बाद स्वर्ण मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई जब सुखबीर सिंह बादल अकाल तख्त साहिब द्वारा दी गई सजा को पूरा करने के लिए स्वर्ण मंदिर पहुंचे थे।
दरअसल, अकाल तख्त साहिब ने डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख राम रहीम को माफी और बेअदबी के मामले में सुखबीर सिंह बादल को सेवा की सजा सुनाई थी। इस सजा के तहत उन्हें स्वर्ण मंदिर के घंटाघर के बाहर व्हीलचेयर पर बैठकर सेवा करनी थी। साथ ही, बादल को बाथरूम साफ करने, लंगर घर में जूठे बर्तन धोने और एक घंटे तक कीर्तन सुनने का आदेश दिया गया था। इसके अलावा, श्री सुखमणि साहिब का पाठ करना भी इस सजा का हिस्सा था।
अकाल तख्त के जत्थेदार रघबीर सिंह ने घोषणा की थी कि सुखबीर सिंह बादल, अन्य कोर कमेटी सदस्य और 2015 की कैबिनेट मेंबर रहे नेता 3 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक सेवा करेंगे। जत्थेदार ने स्पष्ट किया था कि चोट के कारण बादल व्हीलचेयर पर यह ड्यूटी निभाएंगे।
हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुखबीर सिंह बादल सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने स्वर्ण मंदिर की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।