महाशिवरात्रि व्रत में ज़हर बना कुट्टू का आटा, 40 से अधिक लोग फूड पॉइज़निंग का शिकार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/02/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में महाशिवरात्रि (Mahashivratri) के पावन अवसर पर व्रत खोलना कई परिवारों के लिए अस्पताल पहुंचने की वजह बन गया। व्रत में उपयोग किए गए कुट्टू के आटे के सेवन से इको विलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालया प्राइड सोसाइटी के 40 से अधिक निवासी अचानक बीमार पड़ गए। उल्टी-दस्त, तेज पेट दर्द, चक्कर और हाथ-पैर सुन्न होने जैसी शिकायतों के बाद बड़ी संख्या में लोगों को देर रात अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को महाशिवरात्रि का व्रत रखने वाले लोगों ने शाम को कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थों का सेवन किया था। कुछ ही समय बाद कई घरों में एक-साथ लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। इको विलेज-3 सोसाइटी में ही 30 से अधिक लोग फूड पॉइज़निंग (Food Poisoning) के लक्षणों से पीड़ित हुए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, हिमालया प्राइड सोसाइटी में भी 15 से अधिक लोग बीमार बताए जा रहे हैं।

हालत बिगड़ने पर मरीजों को न्यूमेड, सर्वोदय और नियो अस्पताल समेत आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइज़निंग की पुष्टि की। कई मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, लेकिन करीब एक दर्जन से अधिक लोग अब भी कमजोरी और अन्य लक्षणों के चलते चिकित्सकीय निगरानी में हैं। कुछ मामलों में गर्भवती महिलाओं को भी एहतियातन भर्ती किया गया।

जांच में सामने आया है कि कुट्टू का आटा पास की स्थानीय मार्केट से ऑनलाइन मंगवाया गया था, जो पैक्ड नहीं बल्कि खुला हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि आटा खराब या दूषित था, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया और प्रभावित लोगों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ आटे के स्रोत का पता लगाने में जुट गया है। संबंधित दुकानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

यह पहली बार नहीं है जब ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पर्व-त्योहारों के दौरान इस तरह की घटना सामने आई हो। इससे पहले भी व्रत के खाद्य पदार्थों के सेवन से सैकड़ों लोगों के बीमार होने के मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद खुले और कथित तौर पर असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण न होना खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

फिलहाल, पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है, जहां से सबसे अधिक मरीज सामने आए हैं। प्रशासनिक और खाद्य सुरक्षा एजेंसियां आटे की गुणवत्ता, आपूर्ति श्रृंखला और जिम्मेदार विक्रेताओं की जांच कर रही हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।