MCD बजट सत्र की शुरुआत नारों के साथ, 5000 सफाई कर्मियों को नियमित का ऐलान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (13 February 2026): दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के बजट सत्र की शुरुआत शुक्रवार को ‘हर-हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वन्दे मातरम्’ जैसे नारों के साथ हुई। हालांकि इन नारों पर विपक्ष ने आपत्ति जताते हुए सदन में विरोध दर्ज कराया। नेता सदन प्रवेश वाही जब सामने की तीसरी सीट से बजट पढ़ने के लिए खड़े हुए तो उस पर भी विपक्ष ने सवाल उठाए, जिसके चलते सदन का माहौल कुछ देर के लिए गरमाया रहा।

नेता सदन प्रवेश वाही ने बजट पेश करते हुए घोषणा की कि वर्ष 2000 से 2002 के बीच नियुक्त 5000 सफाई कर्मियों को नियमित किया जाएगा। इस फैसले को सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया गया। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित मुद्दों को सुलझाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रत्येक वार्ड में शौचालय, ड्रेन और कल्वर्ट के रखरखाव हेतु अलग से 5 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके लिए बजट में कुल 2.5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि बढ़ाई गई है। निगम का कहना है कि इससे सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव बेहतर होगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा स्वच्छता अभियान के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष फंड उपलब्ध कराया गया है। निगम प्रशासन के अनुसार, इस राशि का उपयोग पूरी दिल्ली में व्यापक स्तर पर सफाई और कचरा प्रबंधन कार्यों में किया जाएगा।

मशीनीकरण पर जोर देते हुए निगम ने 14 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों का ऑर्डर दिया है। इसके अतिरिक्त 17 बैकहो लोडर, 2 सुपर सकर मशीन, 10 स्किड स्टीयर लोडर समेत अन्य उपकरण खरीदे गए हैं। साथ ही 70 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें जल्द ही बेड़े में शामिल की जाएंगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मशीन तैनात की जाएगी।

निगम ने 1000 लीटर पिकर मशीनें भी खरीदने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रत्येक वार्ड में चार-चार पिकर मशीनें दी जाएंगी, ताकि संकरी गलियों और कठिन स्थानों से भी नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा सके। इसके अलावा 318 से अधिक बाजारों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था लागू की गई है और लगभग 550 किलोमीटर सड़कों की सफाई रात में की जा रही है।

डीडीए से हस्तांतरित बाजारों में प्रत्येक वार्ड को 100 अतिरिक्त सफाईकर्मी देने की योजना है। प्रवेश वाही ने दावा किया कि स्वच्छता रैंकिंग में निगम 90वें स्थान से 31वें स्थान पर पहुंचा है और आने वाले समय में शीर्ष 10 शहरों में स्थान बनाने का लक्ष्य है।

शिक्षा क्षेत्र में भी कई घोषणाएं की गईं। निगम के अधीन 1514 प्राथमिक विद्यालय, 43 अनुदान प्राप्त विद्यालय और 862 मान्यता प्राप्त विद्यालयों में करीब 6.59 लाख छात्रों को शिक्षा दी जा रही है। सभी विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्य-पुस्तकें, नोटबुक, स्टेशनरी, स्कूल बैग, वर्दी और जूते के बदले नकद राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है। मिड-डे मील और विभिन्न छात्रवृत्तियों की व्यवस्था भी जारी है।

निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के दुर्घटना बीमा की राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही, वर्दी, स्टेशनरी और स्कूल बैग के लिए करीब 71.11 करोड़ रुपये की राशि ‘वन क्लिक’ के माध्यम से सीधे छात्रों के खातों में ट्रांसफर की गई है, जिसे निगम के इतिहास में पहली बार बताया गया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।