नई दिल्ली, (13 फरवरी 2026): आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी के आगामी वित्तीय वर्ष के बजट को जनविरोधी और कागजी करार देते हुए तीखा हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि यह बजट दिल्ली की वास्तविक समस्याओं से पूरी तरह कटा हुआ है और इसमें कूड़े के पहाड़, सफाई व्यवस्था, एमटीएस कर्मियों और आवारा कुत्तों जैसी जमीनी समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम का बजट जन सरोकारों से कोसों दूर और दिखावटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी चुनाव के दौरान भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन बजट में एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। नारंग ने कहा कि जनता की प्राथमिकताओं में लैंडफिल साइट हटाना, साफ-सफाई, पार्कों का रखरखाव और कर्मचारियों के मुद्दे शामिल हैं, लेकिन इन पर कोई ठोस योजना नजर नहीं आई। एमटीएस कर्मचारियों को वेतन वृद्धि और नियमितीकरण के वादे भी पूरे नहीं हुए, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने बजट को खोखला बताते हुए कहा कि भाजपा के पास इसे जमीन पर लागू करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में भ्रष्टाचार हेल्पलाइन, एमसीडी स्कूलों के बच्चों को साइकिल और अन्य कई योजनाओं का वादा किया था, लेकिन कोई भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदूषण और कूड़े के पहाड़ जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए और दिल्ली की जनता को राहत देनी चाहिए।
वहीं, “आप” पार्षद प्रवीण राजपूत ने बजट पेश करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सदन में बजट पेश करने के बजाय कॉमेडी शो जैसा माहौल बना रहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेता सदन ने कपिल शर्मा और मेयर ने नवजोत सिंह सिद्धू की भूमिका निभाई, जबकि भाजपा पार्षद अपनी ही विफलताओं पर तालियां बजाते रहे। राजपूत ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को पक्का करने, प्रदूषण नियंत्रण, पेंशन और मीडियाकर्मियों के लिए सुविधाओं जैसे मुद्दों पर भी बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया।
“आप” नेताओं ने दावा किया कि यह बजट दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता और इसे केवल कागजी बजट बताते हुए भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।